कांग्रेस में सुधार की जरूरत तो है

Posted On:- 2022-04-27



हैदेश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस में सुधार की जरूरत तो अब कांग्रेस के नेता भी महसूस कर रहे हैं। राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2019 में हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसे दो साल हो गए हैं लेकिन अब तक कांग्रेस अपना अध्यक्ष नहीं चुन पाई है। अंतरिम अध्यक्ष के जरिए काम चलाया जा रहा है। राहुल गांधी के स्पष्ट कह देने के बाद भी कि वह अब कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बनेगे। कांग्रेस के नेता उम्मीद लगाए हुए हैं कि वह एक दिन अध्यक्ष जरूर बनेंगे। इसी उम्मीद में कोई अध्यक्ष तलाशा नहीं गया है। 2014 के बाद से कांग्रेस चुनाव जीती कम है तथा हारी ज्यादा है। हर बार हार के बाद कांग्रेस में बदलाव की जरूरत महसूस होती है। आठ साल से यही चल रहा है। हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस फिर हारी तो बदलाव की जरूरत फिर महसूस की गई। इस बार जी-23 के नेताओं से सोनिया गांधी ने खुद बात की। सबको साथ लेकर चलने की बात दुहराई गई। चिंतन शिविर जयपुर में अगले माह होना है। पीके को बुलाया गया। उनकी योजना व बातें सुनी गईं। ऐसा लगा इस बार कांग्रेस बदलाव के लिए गंभीर है। सोनिया गांधी ने पीके को कांग्रेस में शामिल होना का न्योता दिया लेकिन पीके ने कांग्रेस में शामिल होने से इंकार कर दिया। इसी के साथ कांग्रेस में बदलाव की बात पर सवालिया निशान लग गया है। कांग्रेस बड़ी पार्टी है, उसके नेताओं का इगो भी बड़ा होता है। पीके का कांग्रेस में शामिल होने से इंकार करना जितना सोनिया गांधी को बुरा नहीं लगा होगा, सोनिया व राहुल गांधी के वफादारों को उससे कहीं ज्यादा बुरा लगा होगा। पीके इतना बड़ा तो है नहीं कि सोनिया गांधी की बात न माने। पीके ने कांग्रेस में शामिल होने से क्यों इंकार किया। वह एक तरह से व्यवसायी है। व्यवसायी स्वतंत्र रहना चाहता है ताकि वह किसी के साथ भी कभी व्यवसाय कर सके। पीके चुनाव जिताने की रणनीति बनाते हैं। पार्टी को सुझाव देते हैं। इसी बात का पैसा लेते हैं। यदि वह कांग्रेस में शामिल हो जाते तो फिर उनको कांग्रेस के काम को ही पहले करना होगा। दूसरे सब काम बंद करने पड़ेगे। हाल ही में उन्होंन तेलंगाना के सीएम से चुनाव जिताने के लिए करार किया है। वह कांग्रेस में शामिल होते तो यह काम छोडऩा पड़ता। दूसरे लोगों का काम भी करने से इंकार करना पड़ता। एक दूसरी वजह यह बताई जा रही है कि कांग्रेस के सोनिया व राहुल गांधी के समर्थकों को उनकी यह सलाह पसंद नहीं आई। सोनिया गांधी यूपीए का अध्यक्ष पद छोड़े,राहुल गांधी तो संसदीय दल का नेता बनाया जाए। किसी गैर गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाए। ज्यादातर कांग्रेस नेता तो यही मानते आए हैं कि कांग्रेस को एकजुट तो गांधी परिवार ही रख सकता है। सब कांग्रेसी यही चाहते हैं कांग्रेस गांधी परिवार के नेतृत्व में एकजुट रहे। भले ही कमजोर रहे लेकिन एकजुट रहे। कोई भी कांग्रेसी यह नहीं चाहता कि कांग्रेस टूटे, कांग्रेस रहे भले ही कमजोर रहे,भले ही चालीस चुनाव हार जाए। यही वजह है कि कांग्रेस के नेता नेतृत्व में बदलाव की बात ही नहीं करते हैं। वह मानते हैं कि उनका नेतृत्व जैसा भी अच्छा है। ऐसे लोगों को पीके अच्छा लग ही नहीं सकता था। पीके को भी ऐसे लोग अच्छे नहीं लग सकते थे। इसलिए पीके ने खुद ही को कांग्रेस से अलग कर लिया।