रायपुर (वीएनएस)। प्रदेश की राज्यपाल अनुसुईया उईके ने आज खैरागढ़ दौरे पर थी। इस दौरान उन्होंने मनोहर गौशाला पहुंचकर कामधेनु माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। राज्यपाल उईके ने यहां गौ-माता की पूजा कर मंगल कामना की। मनोहर गौशाला के संचालकों ने राज्यपाल अनुसुईया उइके को गौ सेवा रत्न अलंकरण से सम्मानित किया गया।
राज्यपाल अनुसुईया उईके ने कहा, गौमाता अपने आप में साक्षात भगवान का अवतार है। मेरा सौभाग्य है कि मुझे यहां कामधेनु माता मंदिर दर्शन करने का अवसर मिला। मुझे गाय के प्रति लगाव एवं प्रेम है और मैं अपने घर में गाय का पालन कर रही हूं।
उन्होंने कहा कि गौ माता के पुण्य प्रताप का लाभ जिंदगी में मिला है, जिसके प्रतिफल से मैं आज लाखों-करोड़ों लोगों की सेवा कर रही हूं। उन्होंने कहा कि गाय की सेवा से बढ़कर और कोई पुण्य काम नहीं हो सकता। गौ माता की कृपा से आज मैं लोगों की सेवा कर पा रही हूं। इस अवसर पर मनोहर गौशाला के संचालक पदम डाकलिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
गौ शाला के मैनेजिंग ट्रस्टी पदम डाकलिया ने बताया, इस समारोह में गौशाला के ट्रस्टी महेंद्र लोढा, अशोक मुकीम, प्रकाश सुराना, कामधेनु विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नारायण पुरुषोत्तम दक्षिणकर, फनेन्द्र जैन, नरेंद्र जैन, अशोक ओसवाल, राजेन्द्र डाकलिया, मनोहर गौशाला संरक्षक हुकुम चंद बैद आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।