
राजनांदगांव (वीएनएस)। प्रदेश की राज्यपाल अनुसुईया उईके ने आज खैरागढ़ के मनोहर गौशाला पहुंचकर यहां कामधेनु माता मंदिर में पूजा अचर्ना की। राज्यपाल उईके ने यहां गौ माता की पूजा कर मंगल कामना की। इस अवसर पर मनोहर गौशाला के संचालकों ने राज्यपाल उइके को गौ सेवा रत्न अलंकरण से सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल उईके ने कहा कि गौमाता अपने आप में साक्षात भगवान का अवतार है। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे यहां कामधेनु माता मंदिर दर्शन करने का अवसर मिला। मुझे गाय के प्रति लगाव एवं प्रेम है और मैं अपने घर में चार-पांच गाय का पालन कर रही हूं। उन्होंने कहा कि गौ माता के पुण्य प्रताप का लाभ जिंदगी में मिला है। जिसके प्रतिफल से मैं आज लाखों-करोड़ों लोगों की सेवा कर रही हूं। उन्होंने कहा कि गाय की सेवा से बढ़कर और कोई पुण्य काम नहीं हो सकता। गौ माता की कृपा से आज मैं लोगों की सेवा कर पा रही हूं। इस अवसर पर मनोहर गौशाला के संचालक पदम डाकलिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।