नए तहसील कार्यालयों में राजस्व अमला बैठक ले : कमिश्नर

Posted On:- 2022-04-27



नारायणपुर (वीएनएस) । बस्तर संभाग कमिश्नर श्याम धावड़े  बुधवार को नारायणपुर जिला मुख्यालय पहुंचकर नारायणपुर तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर धावड़े ने राजस्व से संबंधित विभिन्न प्रकरणों, नामांकन, बंटवारा, जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र आदि के साथ-साथ राजस्व विभाग ने किये जाने वाले अन्य कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने आमजन तक शासन की सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में छोटेडोंगर और  कोहकामेटा को नवीन तहसील बनाया गया है। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि इन दोनों तहसील कार्यालयों में तहसीलदार बैठना सुनिश्चित करें और आम लोगों की राजस्व से संबंधित समस्याओं का निराकरण करें। उन्होंने यह भी कहा कि ओरछा विकासखंड में राजस्व अधिकारियों के साथ-साथ जनपद पंचायत का पूरा स्टॉफ वहां मुख्यालय बनाकर स्थायी रूप से रहना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर कमिश्नर से सख्त कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान अपर कलेक्ट अभिषेक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर  बिसेन, तहसीलदार  सुनील सोनपिपरे के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

संभागायुक्त ने कहा कि राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रकरणों का समय पर और शीघ्रता के साथ निराकरण करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा वनाधिकार प्रपत्र प्रदाय कृषकों को ऋण पुस्तिका का वितरण और उनके किसान क्रेडिट कार्ड इत्यादि प्रदाय करने के निर्देश दिये ताकि किसान शासन की सभी योजनाओं का समुचित लाभ उठा सके।

 उन्होंने अबूझमाड़ के बचे हुए गांवों के सर्वे करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिये। बताया गया कि 9 सर्वेक्षित गांवों के किसानों को सर्वे के पश्चात शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। तहसील कार्यालय निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र जारी करने, नामांतरण, बंटवारा प्रकरणों क निराकरण के साथ-साथ ई-कोर्ट के प्रकरणों की भी जानकारी ली।

बताया गया कि ई-कोर्ट में सभी प्रकरण समय सीमा में ही है। इस दौरान तहसील परिसर में दूर-दराज के अंचलों से आये ग्रामीणों और किसानों से भी बातचीत की। बातचीत के दौरान ग्रामीण ने बताया कि वह निवास प्रमाण पत्र के लिए आया है। इस पर उन्होंने तहसीलदार को त्वरित कार्रवाई करते हुए निराकरण के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने तहसीलदार कोर्ट, तहसील अभिलेखागार, बैठक व्यवस्था आदि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रिकार्ड रूम को सुव्यवस्थित करने और साफ-सफाई बनाये रखने के निर्देश दिये।