आकांक्षी जिलों के लिए नीति आयोग के सूचकांकों में प्रगति लाएं : यशंवत

Posted On:- 2022-04-27



नीति आयोग के नोडल अधिकारी ने ली  जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक 

नारायणपुर (वीएनएस)। प्रदेश के आकांक्षी जिलों के लिए निर्धारित सूचकांकों में तेजी से अपेक्षित प्रगति लाने के उद्देश्य से शासन-प्रशासन ने विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। समय-समय पर राज्य शासन ने पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाती है। वहीं मुख्य सचिव के मार्गदर्शन में आकांक्षी जिलों के सूचकांकों के रैंकिंग में सुधार के लिए जिला और राज्य स्तर पर प्रयास किये जा रहे है। इसके लिए राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों  ने समय-समय पर बैठक लेकर प्रगति की समीक्षा भी की जाती है। इसी तारतम्य में नीति आयोग के नोडल अधिकारी और  संचालक कृषि  यशंवत कुमार ने बुधवार को कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में नीति आयोग से संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा आंकाक्षी जिलों के लिए निर्धारित सूचकांकों को बढ़ाने के लिए उस क्षेत्र में तेजी से कार्य किया जाये और उसकी एंट्री पोर्टल पर की जाये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  देवेश कुमार ध्रुव, सीएमएचओ डॉ बीआर पुजारी, उपसंचालक कृषि  बीएस बघेल, उपसंचालक पशुधन विकास पड़ौती, कार्यक्रम अधिकारी महिला और बाल विकास विभाग  रविकांत ध्रुर्वे, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी  हरिमंगल सिंह, कार्यपालन अभियंता प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण  विनय वर्मा के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान नोडल अधिकारी यशंवत कुमार ने जिले में संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों की जानकारी लेते हुए गर्भवती पंजीयन, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, आदि की समीक्षा की और इनमें आशातीत वृद्धि करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि महिलाओं में आयरन की कमी को दूर करने के लिए मुनगा और  स्थानीय स्तर पर मिलने वाली हरी सब्जी आदि के सेवन करने जानकारी दे, और इनसें होने वाले लाभ के बारे में बताने के निर्देश स्वास्थ्य और  महिला और बाल विकास विभाग के अधिकारियों को दिये। उन्होंने जिले में टीबी के प्रकरणों की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीबी के मरीज को निर्धारित डोज पूरी करायी जाये, इस बात का ध्यान रखें। इसके अलावा टीबी होने के लक्षण, उपचार और  बचाव की जानकारी के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें। कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा करते उन्होंने जिले में फसल बीमा कराने वाले किसानों के बारे में पूछा और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के शत-प्रतिशत किसानों को ऋण उपलब्ध करायें और उनका किसान क्रेडिट कार्ड भी बनवायें। इसके लिए आवश्यक हो तो गांवों में शिविर भी आयोजित करें।

कलेक्टर यशवंत कुमार ने कहा कि बीज उत्पादन के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें। इसके साथ ही किसानो को धान की फसल के अलावा दलहन-तिलहन कोदो, कुटकी और रागी की खेती करने के लिए भी प्रोत्साहित करें। इसके लिए किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दें। शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में स्कूली बच्चों का ड्रापआउट न हो इसका विशेष ध्यान रखें। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर कार्यवाही करें। इसके साथ ही जिले में किये जा रहे वित्तीय समावेशन के कार्यों की सराहना भी की। बैठक में उद्यानिकी, विद्युत, राजीव गांधी शिक्षा मिशन, चिप्स, पीएचई, पशुपालन आदि विभागों के कार्यो की भी समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिये।