स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती व शिशुवती माताओं को मिल रहा पोषक आहार

Posted On:- 2022-04-27



कोरिया (वीएनएस)। माताओं और बच्चों की सुरक्षा और पोषण को प्राथमिकता देते हुए जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती माताओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में जननी शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती व शिशुवती माताओं को उचित चिकित्सकीय सुविधा व पोषण आहार दिए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत शिशुवती माताओं के स्वास्थ्य सुधार के लिए नि:शुल्क आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें पोषण तत्वों का ख्याल भी रखा जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रामेश्वर शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों में इस कार्यक्रम के तहत माताओं को प्रतिदिन मेनू चार्ट अनुसार भोजन दिया जा रहा है। नाश्ते में अंडे, गुड़ के लड्डू आदि एवं भोजन में प्रोटीन के स्त्रोत दाल, चावल, सब्जी, सलाद के साथ अन्य पोषण आहार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती, शिशुवती माताओं सहित नवजात बच्चों को नि:शुल्क उपचार, आवश्यक जांच तथा दवाइयां प्रदान किया जाता है। गर्भवती माताओं को सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य जांच, प्रजनन से लेकर उसके पश्चात आवश्यक देखरेख से सम्बंधित सभी व्यवस्थाएं की जाती हैं। स्वास्थ्य केंद्र में सामान्य डिलीवरी होने पर तीन दिन तथा सीजेरियन डिलीवरी के मामले में सात दिनों तक पोषाहार दिया जाता है। जन्म से 30 दिनों तक कमजोर नवजात शिशु के लिए नि:शुल्क दवाएं व जांच की सुविधा भी मुहैया करायी जाती हैं।