
कोण्डागांव (वीएनएस)। आज कलेक्ट्रेट के सभागार में कलेक्टर की ओर से नीति आयोग सूचकांक के अंतर्गत आकांक्षी जिलों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला बाल विकास, कौशल विकास व आधारभूत संचार जैसे बिंदुओं पर संबंधित विभागों की बैठक आहूत की गई थी। सर्वप्रथम स्वास्थ्य विभाग के तहत सूचकांक में गर्भवती महिलाओं के जांच, देखभाल, परामर्श व पंजीयन, एनीमिया के मामले एवं उपचार, हीमोग्लोबिन परीक्षण, नवजात बच्चों का लिंगानुपात, संस्थागत प्रसव की स्थिति, घरों में प्रशिक्षित दाईयों व हैल्थ वर्कर की ओर से कराये जाने वाले प्रसव का प्रतिशत, कम वजन वाले नवजात बच्चों की स्थिति, बच्चों का टीकाकरण, क्षयरोग उपचार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सुविधाएं जैसे इंडीकेटर पर जानकारी दी गई।
कलेक्टर ने इस संबंध में विकासखंडवार बारीकी से समीक्षा की और कई बिंदुओं पर अपेक्षानुरूप लक्ष्य प्राप्ति न होने पर नाखुशी जताया। उन्होंने निर्देश दिया कि लक्ष्य पूरा न कर पाने की स्थिति में इसके निदान के लिए ब्लॉकवार रणनीति तैयार करने के अलावा प्रदर्शन में कमी के कारणों को भी दर्शायें साथ ही हर विकासखंड में हैल्थ सूचकांक की प्रगति की समीक्षा के लिए 15 दिनों में बैठक का नियमित रूप से आयोजन हो और यह प्रयास होना चाहिए कि हर इंडीकेटर के अनुरूप शत्प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हो।
इस क्रम में शिक्षा विभाग की ओर से शालाओं में पेयजल एवं प्रसाधन कक्षों की व्यवस्था, महिला बाल विकास विभाग की ओर से जिले में कुपोषित बच्चों की स्थिति व संख्या, नियमित रूप से गर्म भोजन व अन्य खाद्य पदार्थो का वितरण, कौशल विकास के तहत प्रशिक्षुओं के लिए छोटी व लम्बी अवधि के रोजगार प्रशिक्षण उनका प्लैसमेंट, अनुसुचित वर्गो व दिव्यागों के लिए स्वरोजगार व पशु पालन विभाग की ओर से गौवशींय व भैंसवशींय पशुओं की जिले में कुल संख्या पंजीयन व टीकाकरण के बारे में विस्तार पूर्वक अवगत कराया गया। आधारभूत संचार के विषय के में जानकारी दी गई कि जिले के 360 पंचायतें इंटरनेट कनेक्शन से जुड़े है। जबकि 25 गा्रम पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ने का कार्य प्रगतिरत है। यहां कलेक्टर ने हर पंचायतो में इंटरनेट कनेक्शन को अपडेट करने की बात कही।
उन्होने अन्त में यह भी कहा कि नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिलो के लिए सभी विकास सूचकांक जिले के विकास पैमाने कोे दर्शाते है। अत: संबंधित विभाग इन समस्त बिंदुओं के लक्ष्यों व उपलब्धि के प्राप्ति केलिए इसे सर्वाेच्च प्राथमिकता में रखे क्योंकि सुधार की गुंजाईश हर जगह है। इसके लिए ब्लॉक व मुख्यालय स्तर के अधिकारी कमर्चारी नियमित रूप से समन्वय, संपर्क व उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करना सुनिश्चित करें। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत प्रेम प्रकाश शर्मा व संबंधित विभागों के अधिकारी कमर्चारी उपस्थित थे।