
बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर महोबे ने आज गुरूर विकासखंड के ग्राम कन्हारपुरी, छेड़िया और हितेकसा के गौठान का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम चुल्हापथरा में हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम हितेकसा के गौठान में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी बंद होने की शिकायत पर कलेक्टर ने पंचायत सचिव और कृषि विस्तार अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में नियमित रूप से गोबर खरीदी करने, वर्मी टांका भरने पर प्लास्टिक बैग क्रय करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान परिसर में नियमित रूप से आयमूलक गतिविधियॉ संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम छेड़िया के गौठान में गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, आजीविकामूलक गतिविधियॉ तथा पौधरोपण आदि कार्यों का अवलोकन किया। गौठान परिसर में पानी की समस्या की शिकायत पर कलेक्टर ने पानी की समस्या का शीघ्र निराकरण किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
कलेक्टर ने ग्राम कन्हारपुरी के गौठान में महिला स्वसहायता समूहों की ओर से तैयार किए जा रहे विभिन्न प्रकार के उत्पादों फिनाईल, बड़ी, मशरूम, पापड़, चकली, साबुन, सेनेटरी नेपकीन, मूर्रा लड्डू आदि का अवलोकन किया और स्वसहायता समूह के सदस्यों को नियमित रूप से आयमूलक गतिविधियॉ संचालित करने प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने ग्राम चुल्हापथरा में हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत गुरूर के मुख्य कायर्पालन अधिकारी राजेन्द्र पडौति सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।