सार्वजनिक स्थलों में मास्क पहनना अनिवार्य

Posted On:- 2022-04-27



बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी महोबे ने छत्तीसगढ़ शासन लोक स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर, अटल नगर द्वारा कोविड महामारी के रक्षात्मक उपाय के संबंध में जारी निर्देश के अनुक्रम में आदेश प्रसारित किया है।

जारी आदेश के अनुसार सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों, अस्पतालों, बाजारों व भीड़-भाड़ वाले स्थानों, गलियों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की ओर से मास्क, फेस कवर धारण किया जाना अनिवार्य होगा। कार्यालय, कार्यस्थलों व फैक्ट्री आदि में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति द्वारा फेस कवर धारण किया जाना अनिवार्य होगा। सार्वजनिक स्थलों पर थूकना प्रतिबंधित होगा। होम क्वारंटाईन में रहने वाले व्यक्तियों को शासन द्वारा समय-समय पर जारी होम क्वारंटाईन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाना अनिवार्य होगा। दुकानों, व्यावसायिक संस्थानों की ओर से सोशल डिस्टेंसिंग, फिजिकल डिस्टेंसिंग संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाना अनिवार्य होगा। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।