लौट रही मुस्कान, जिले में पहली बार कटे-फटे होंठ, तालु व क्लब फुट की समस्या से पीड़ित बच्चों की सर्जरी के लिए जिलास्तरीय शिविर

Posted On:- 2022-04-27



पहले दिन 49 बच्चों का हुआ उपचार, जरूरतमंदों की सर्जरी की प्रक्रिया जारी

कोरिया (वीएनएस)। जिले में पहली बार कटे-फटे होंठ, तालु, और क्लब फुट की समस्या से पीड़ित बच्चों के लिए जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत की गई है। जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल पर कटे-फटे होंठ, तालु, और क्लब फुट की समस्या से पीड़ित बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लौट रही है।

विकासखंड बैकुण्ठपुर के जिला अस्पताल में आयोजित शिविर का शुभारंभ संसदीय सचिव व बैकुण्ठपुर विधायक अम्बिका सिंहदेव ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने शिविर में इलाज के लिए आए बच्चों व पालकों से मुलाकात की। जिला प्रशासन की ओर से आंगनबाड़ी केन्द्रों, विद्यालयों एवं आदि स्थानों में ऐसे जरूरतमंद बच्चों का चिन्हांकन किया गया, तत्पश्चात इलाज के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

पहले दिन 49 बच्चों का हुआ उपचार, जरूरतमंदों की सर्जरी की प्रक्रिया जारी शिविर के पहले दिन 49 बच्चों का उपचार किया गया, जिसमें विकासखंड बैकुण्ठपुर के जिला अस्पताल मे 27 व विकासखंड मनेंद्रगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 22 बच्चों का इलाज हुआ। शिविर में उपचार के लिए आए बच्चों की स्क्रीनिंग कर जरूरत के अनुसार आॅपरेशन के लिए चिन्हांकित कर सर्जरी किया जा रहा है। बैकुण्ठपुर में चिकित्सकीय टीम में बिलासपुर के कॉस्मेटिक, प्लास्टिक व बर्न सर्जन डॉ. शशिकांत साहू, अम्बिकापुर की एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट डॉ. आयुषी गुप्ता व जिला अस्पताल बैकुण्ठपुर के आॅर्थाेपेडिक सर्जन डॉ राजेन्द्र बंसरिया की ओर से व मनेन्द्रगढ़ में आयोजित शिविर में प्लास्टिक सर्जन डॉ विकास शर्मा,आॅर्थाेपेडिक डॉ गौतम पैकरा, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ शैलेंद्र सिंह व सर्जन डॉ एस के तिवारी की ओर से उपचार किया जा रहा है।

कलेक्टर ने आॅपरेशन कक्ष का लिया जायजा, सफल आयोजन के लिए स्वास्थ्य टीम को दीं शुभकामनाएं : जिला स्तर पर आयोजित शिविर के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि ऐसे बच्चे जिन्हें उपचार व सर्जरी के लिए बाहर जाना पड़ता था उन्हें कैम्प के माध्यम से इलाज मिलेगा, जिसमें बच्चों की स्क्रीनिंग कर यहीं आॅपरेशन किया जाएगा। मुस्कान कैम्प के माध्यम से सफल इलाज से बच्चों के चेहरे पर मुस्कान के साथ-साथ उनके परिवारजनों के चेहरे पर भी मुस्कान आएगी।

कलेक्टर शर्मा ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, उन्होंने बच्चों व पालकों की बैठक, भोजन तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। शिविर में कलेक्टर शर्मा ने बच्चों व अभिभावकों से बात की तथा सफल उपचार के लिए आश्वस्त किया। इस दौरान उन्होंने आॅपरेशन कक्ष का भी अवलोकन किया।