धमतरी (वीएनएस)। आयुष्मान भारत योजना के तहत उप स्वास्थ्य केन्द्र (हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर) के लिए जिले को 54 लेपटॉप प्रदाय किया गया है। कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा ने आज शाम चार बजे जिला अस्पताल में आयोजित कार्यशाला में जिले के 31 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को शासन से मिले उक्त लेपटॉप वितरित किया। इस मौके पर कलेक्टर ने ग्रामीण अंचल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर बल दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.के.तुर्रे ने बताया कि इन लेपटॉप की सहायता से चिकित्सकीय सेवाओं की ऑनलाइन डाटा प्रविष्टि की जाएगी। साथ ही जिला चिकित्सालय में पदस्थ विशेषज्ञों से सलाह लेकर हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर में आने वाले मरीजों का विशेष उपचार के लिए ई-संजीवनी टेली मेडिसीन/ टैली कंसलटेंसी किया जाएगा। गौरतलब है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों को हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया गया। इसके तहत जिले के कुल 151 उप स्वास्थ्य केन्द्र, 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर के रूप मेें विकसित किया जा चुका है। उक्त स्वास्थ्य केन्द्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की तरह बाह्य रोग विभाग (ओपीडी) का संचालन किया जा रहा है। संबंधित हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में बाह्य रोग विभाग का संचालन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर चिकित्सा अधिकारियों/ग्रामीण चिकित्सा सहायकों तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर शासन की ओर से पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के माध्यम से किया जा रहा है।