मुख्यमंत्री के आदेश के बाद 72 घंटे में उतरे 11 हजार लाउडस्पीकर

Posted On:- 2022-04-28



लखनऊ (वीएनएस)। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर धर्मस्थलों में तय मानकों का उल्लंघन करते हुए बजाए जाने वाले अवैध लाउडस्पीकर हटवाने का अभियान बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार शाम तक 72 घंटे के अभियान में धर्मस्थलों से कुल 10,923 अवैध लाउडस्पीकर हटवाए गए। जबकि 35,221 लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानक के अनुसार कम कराई गई।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी की पहल पर सबसे पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा में लगाए गए लाउडस्पीकर हटाए गए थे। इसके बाद गोरखपुर के ऐतिहासिक गोरखनाथ मंदिर में लाउडस्पीकर की आवाज कम कर दी गई थी।

सीएम योगी ने कहा था कि कि हर किसी को अपनी उपासना पद्धति मानने की स्वतंत्रता है और इसके लिए माइक और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल भी किया जा सकता है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इस प्रकार की आवाज उस धार्मिक परिसर से बाहर न जाए।

योगी ने कहा था कि लोकतंत्र में संवाद का बड़ा महत्व है। संवाद के माध्यम से ही हमने अनावश्यक रूप से लगे लाउडस्पीकर हटाने में सफलता पाई है। धर्मगुरुओं से संवाद बनाने का क्रम जारी रहे। लाउडस्पीकर के प्रयोग के लिए जो दिशा-निर्देश दिए गए हैं, उनका अनुपालन कराया जाए। 25 अप्रैल को गृह विभाग ने हाईकोर्ट के वर्ष 2017 के आदेश का हवाला देते हुए शासनादेश जारी किया।