.... हार के बाद हार से नेताओं की प्रतिष्ठा तो कम होती है, पार्टी की साख पर सवालियानिशान लगना शुरू हो जाता है। पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा बढ़ती जाती है। किसी को कुछ समझ नहीं आता है कि सफलता के लिए क्या किया जाए। नेताओं को लगता है कि वह तो बहुत मेहनत कर रहे हैं लेकिन सफलता नहीं मिलने से मेहनत का कोई अर्थ नहीं रह जाता हैे मेहनते का कोई मतलब तब रह जाता है जब नेता व पार्टी को सफलता मिले। छत्तीसगढ़ भाजपा नेताओं को भी लगता होगा कि वह तो बहुत मेहनत कर रहे हैं। उनकी मेहनत का कोई अच्छा परिणाम कहां निकल रहा है। जहां तक भाजपा आलाकमान का सवाल है तो उसने अब तक छत्तीसगढ़ भाजपा व नेताओं को कई मौके दे चुका है। अब और कोई मौका देने की गुंजाइश ही नहीं बची है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में बहुत ही बुरी हार के बाद भाजपा आलाकमान ने रमन सिंह सहित यहां के भाजपा नेताओं पर भरोसा किया। उन्हें चार उपचुनाव में मौका मिला। भाजपा नेता एक उपचुनाव भी जीते होते तो वह कुछ कहते। चारों उपचुनाव में से एक उपचुनाव तक नहीं जीत पाना भाजपा नेताओं के लिए शर्म की बात है। भाजपा आलाकमान उनसे पूछेगा कि आपकों को चार उपचुनाव में मौका मिला कांग्रेस को हराने लेकिन आप एक जगह भी कांग्रेस को नहीं हरा सके। चार साल हो गए सफलता के नाम पर भाजपा जीरो है। अब वर्ष 2023 के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। लगातार हारने वाले लोगों पर आलाकमान कैसे चुनाव जीतने का भरोसा कर सकता है। कैसे कोई मान सकता है कि उपचुनाव तक में भाजपा को नहीं जिता पाने वाले नेता विधानसभा चुनाव में कांग्रेस व भूपेश बघेल को कैसे हरा सकते हैं। खैरागढ़ उपचुनाव के बाद तो भाजपा नेताओं को आलाकमान ने दिल्ली तलब किया है। खैरागढ़ की हार से तो साफ हो जाता है कि भाजपा का जनाधार राज्य में घट रहा है, भाजपा की साख कमजोर होती जा रही है। जनता का विश्वास भाजपा पर कम होता जा रहा है। नहीं तो क्या वजह है कि पिछला चुनाव जितने मत से भाजपा प्रत्याशी हारा है, इस बार उससे कई गुना ज्यादा मतों से हारा है। इस बुरी हार पर भाजपा नेता दिल्ली में क्या कहेंगे। सीधी सी बात है कि छत्तीसगढ़ की भाजपा व दूसरे राज्यों की भाजपा में बहुत अंतर है। यह अंतर भाजपा की निरंतर हार व यहां के नेताओं पर लोगों का भरोसा कम होना है। भूपेश बघेल व रमन सिंह का अगर सर्वे कराया जाए तो निश्चित रूप से भूपेश बघेल रमन सिंह से कई गुना ज्यादा लोकप्रिय होंगे।यह भूपेश बघेल की बड़ी उपलब्धि है कि उन्होंने खुद रमन सिंह की जगह ले ली है और भाजपा की जगह कांग्रेस को ला खड़ा किया है। रमन सिंह पुराने वाले दिग्गज रमन सिंह नहीं रहे,निरंतर हार से उन पर पार्टी के साथ ही लोगों को भरोसा भी कम होता जा रहा है।यह रमन सिंह के साथ भाजपा के लिए ठीक नहीं है। बार बार हारने वाले घोड़े पर कोई दांव नहीं लगाता है। यहां के भाजपा नेता कई बार हार चुके हैं। अब भाजपा आलाकमान इन पर पहले की तरह शायद ही भरोसा करे।