बलौदाबाजार (वीएनएस)। संयुक्त जिला कार्यालय के प्रगति कक्ष में कलेक्टर ने महिला व बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी दिनों में जिले में मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए नौनिहालों के आंगनवाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई, रंगरोगन के साथ समस्त आवश्यक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन योजनांतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। जिले में 30 अप्रैल व 1 मई को कोरोना टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में कोरोना टीकाकरण के लिए आंगनबाड़ी के मैदानी अमला को शामिल कर आवश्यक सहयोग करने के निर्देश दिए। इसी तरह चिरायु योजनांतर्गत जिले में बच्चों को चिन्हांकन कर योजना के तहत लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए।
इस समीक्षा बैठक में कलेक्टर सिंह ने विभागीय लक्ष्य व अच्छे कार्य करने वाले अधिकारी व कमर्चारियों को समय-सीमा की बैठक में प्रशस्ति पत्र से सम्मान करने की बात कही। कलेक्टर सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांग पर आंगनबाड़ी केन्द्रों में गैस चूल्हा सहित कनेक्शन व आवश्यक उपयोगी बर्तन, दरी, टाटपट्टी देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला महिला व कार्यक्रम अधिकारी एल.आर. कच्छप, परियोजना अधिकारी, पयर्वेक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थे।