चिकित्सा अधिकारियों के दल ने निजी अस्पतालों का किया निरीक्षण

Posted On:- 2022-04-28



गरियाबंद (वीएनएस)। अनुविभागीय दंडाधिकारी विश्वदीप के नेतृत्व में चिकित्सा अधिकारियों के दल की ओर से गरियाबंद नगर में गैर रूप से संचालित क्लिनिक व नर्सिंग होम एक्ट का उल्लंघन करने वाले निजी अस्पतालों का विगत 26 अप्रैल को आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कचना ध्रुवा अस्पताल मेन रोड गरियाबंद में कोई डॉक्टर उपस्थित नहीं पाये गये व अस्पताल में अपशिष्ट का निपटारा उचित तरीके से नहीं किया जा रहा था एवं पंजीयन नहीं पाया गया।

वसुंधरा पॉली क्लिनिक पारागांव रोड गरियाबंद में भी अपशिष्ट का निपटारा उचित तरीके से नहीं किया जाना पाया गया। सोमेश्वर अस्पताल गरियाबंद में भी नर्सिंग होम एक्ट के तहत नियमों का पालन नहीं किया जाना पाया गया। अनुविभागीय दंडाधिकारियों ने निजी अस्पताल संचालकों को शासन की ओर से निर्धारित नियमों का पालन करने तथा उपचार के लिए आने वाले लोगों को जेनरिक दवाईयाँ उपलब्ध कराने निर्देशित किया। निरीक्षण दल में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.बारा, नोडल अधिकारी डॉ. हरिश चौहान, नगर पालिका गरियाबंद के सीएमओ हितेन्द्र यादव व स्वास्थ्य विभाग के कमर्चारी शामिल थे।