
बालोद (वीएनएस)। प्रदेश के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक विकास, स्कूल शिक्षा तथा सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने आज बालोद विकासखंड के ग्राम निपानी में 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण कर अपनी शुभकामनाएॅ दी।
उन्होंने कहा कि कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन के लोकार्पण से छात्राओं को अध्ययन में सुविधा होगी। मंत्री डॉ. टेकाम ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी और उसका लाभ उठाने प्रेरित किया। इससे पहले मंत्री डॉ. टेकाम का फूलमाला से स्वागत किया गया। संजारी-बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा की मांग पर मंत्री डॉ. टेकाम ने गुरूर और ग्राम पीपरछेड़ी में नवीन स्कूल भवन तथा ग्राम नेवारीकला में स्कूल उन्नयन की घोषणा की।
मंत्री डॉ. टेकाम ने कार्यक्रम में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया और उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएंदी। कार्यक्रम को संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने संबोधित कर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन के लोकार्पण के लिए अपनी बधाई व शुभकामनाएॅ दी। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक भैय्याराम सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा, उपाध्यक्ष मिथिलेश निरोटी, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रप्रभा सुधाकर, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष संजय चन्द्राकर सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक गोवर्धन राम ठाकुर, एस.डी.एम. गंगाधर वाहिले व अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।