अक्षय तृतीया को माटी पूजन दिवस के रुप में मनाया जाएगा

Posted On:- 2022-04-29



अम्बिकापुर (वीएनएस)। इस वर्ष अक्षय तृतीया 3 मई को प्रदेश में माटी पूजन दिवस के रुप में मनाया जाएगा। इस संबंध में कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ कमल प्रीत सिंह की ओर से सभी कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी किया गया है। जारी निर्देशानुसार मिट्टी की उवर्रा शक्ति को बढ़ाने व रासायनिक उर्वरकों तथा कीटनाशकों के स्थान पर वर्मी कम्पोस्ट खाद का उपयोग करने के साथ गो-मूत्र और अन्य जैविक पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देना है। उल्लेखनीय है कि 3 मई को माटी पूजन दिवस महाअभियान प्रारंभ होगा।

इस महाअभियान आयोजित करने का उद्देश्य है कि प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों व जनमानस की भागीदारी को बढावा देना है। रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों के स्थान पर वर्मी कम्पोस्ट, गो-मूत्र व जैविक खादों के उपयोग को प्रोत्साहित करना है। जन समुदाय को रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना है। मानव एवं पशु आहार को हानिकारक रसायनों से मुक्त करना है। राज्य शासन के निर्देशानुसार 3 मई 2022 को सभी ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत व जिला पंचायत स्तर पर माटी पूजन दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने जिले के विधायकों, जनप्रतिनिधियों, जनपद पंचायत के पदाधिकारियों व ग्राम पंचायत के पंचों-सरपंचों से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।

ज्ञातव्य है कि इस दिन आयोजित कार्यक्रम में धरती माता की रक्षा के लिए शपथ ली जाएगी तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। कलेक्टर ने स्व सहायता समूह व गोठान समिति के सदस्यों विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों, विद्यालय, महाविद्यालय के विद्याथिर्यों, जनप्रतिनिधियों व आमजनों से सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की है।