कलेक्टर ने काटागांव, बालोण्ड व ओण्डरी गोठानों का किया निरीक्षण

Posted On:- 2022-04-29



कोण्डागांव (वीएनएस)। गुरूवार को कलेक्टर मीणा व जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा की ओर से माकड़ी विकासखंड के काटागांव, बालोण्ड व ओण्डरी गोठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान सर्वप्रथम वे बालोण्ड स्थित गोठान पहुंचे। जहां उन्होने महिलाओं समूहों से चर्चा करते हुए उनके द्वारा किये जा रहे आजीविका कार्यो की प्रशंसा करते हुए गोठान में सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में वृद्धि कर महिलाओं की आय में वृद्धि करने को कहा।

काटागांव स्कूल की होगी मरम्मत : इसके पश्चात वे काटागांव पहुंचे जहां ग्रामीणों की ओर से कलेक्टर का स्वागत कर उनके समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। जिसमें ग्रामीणों की ओर से गांव के स्कूल की मरम्मत की बात कही। जिस पर कलेक्टर ने डीएमएफ की ओर से स्वीकृत मरम्मत केलिए स्कूलों की सूची में शामिल करने के निर्देश दिये। गोठान जाकर उन्होंने गोठान समिति के सदस्यों के साथ गोठान का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने गोठान को आजीविका केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया व उनसे उनकी रूचि अनुसार गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उन कार्यो को करने को कहा। इस अवसर पर महिलाओं की ओर से ओण्डरी व काटागांव के नोडल अधिकारियों की उदासीनता के संबंध में जानकारी दी। जिस पर कलेक्टर ने तुरंत गोठान नोडल अधिकारियों को परिवर्तित करने के निर्देश दिये।

दो दिन खराब ट्रांसफार्मर बनाने दिये निर्देश : इसके पश्चात वे ओण्डरी स्थित गोठान पहुंचे। जहां उन्होने गोठान का निरीक्षण कर महिला समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए डेयरी की ओर से दुग्ध उत्पादन की सराहना करते हुुए गायों की संख्या में वृद्धि के निर्देश दिये। जिसमें समूह की महिलाओं की ओर से गोबर खरीदी की राशि प्राप्त ना होने की बात कही, जिसपर कलेक्टर की ओर से कृषि विभाग को तुरंत कायर्वाही करते हुए एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त गोठान में ग्रामीणों की ओर से कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याओं को रखते हुए सड़क निर्माण व बिजली की समस्या के संबंध में जानकारी दी गई। जिसपर कलेक्टर ने सड़क निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की ओर से प्रस्ताव तैयार कर भेजने पर तुरंत स्वीकृति व ओण्डरी के खराब ट्रांसफार्मर की मरम्मत व गोठान में विद्युत कनेक्शन के लिए पैसा जमा होने के बाद विद्युत आपूर्ति ना होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को 2 दिनों के भीतर ओण्डरी में ट्रांसफार्मर बदलने तथा बालोण्ड व ओण्डरी के गोठानों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दियें। इसके साथ ही उन्होंने ओण्डरी स्थित तेन्दुपत्ता फड़ का अवलोकन कर संग्राहकों को प्रोत्साहित भी किया।

अमरावती मंदिरपारा को लो वोल्टेज से मिलेगी राहत : ओण्डरी से कोण्डागांव लौटते वक्त कलेक्टर ने अमरावती जाकर वहां ग्रामीणों के संग बैठ कर चर्चा की जिसमें ग्रामीणों की ओर से अमरावती के मंदिर पारा में लो वोल्टेज, तीन हेण्ड पम्पो के खराब होने व पेयजल आपूर्ति की समस्या के संबंध में बताया गया, जिसपर कलेक्टर की ओर से विद्युत व पीएचई के अधिकारियों को त्वरित कायर्वाही कर जिला कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर डीएफओ उत्तम गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर शंकरलाल सिन्हा, जनप्रतिनिधियों सहित सभी ग्रामीण स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।