राजस्व शिविर में प्रकरण के निपटारा होने पर दो भाईयों ने भूलाया आपसी मतभेद

Posted On:- 2022-04-29



बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर महोबे के मार्गदर्शन में डौण्डीलोहारा तहसील के ग्राम रानाखुज्जी में कल राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। राजस्व शिविर में अविवादित नामांतरण के 31, अविवादित बंटवारा के 02, किसान किताब वितरण 10, विवादित नामांतरण के 01, विवादित बंटवारा के 01 एवं आय-जाति के 05 प्रकरणों का निराकरण किया गया।

डौण्डीलोहारा के तहसीलदार आर.आर. दुबे ने बताया कि राजस्व शिविर में ग्राम रानाखुज्जी के दो भाई बिहारी लाल और फेरूलाल में विवादित बंटवारा को लेकर लगभग 08-10 वर्षो से बातचीत बंद थी। उक्त बंटवारा के प्रकरण का निराकरण शिविर में किया गया। राजस्व शिविर में बंटवारा के प्रकरण का निपटारा होने पर दोनो भाईयों ने आपसी मतभेद को भूलाकर पुन: पहले जैसे संबंध बनाए रखने सहमत हुए। राजस्व शिविर में राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी, ग्राम पंचायत के सरपंच और ग्रामीण उपस्थित थे।