नारायणपुर (वीएनएस)। बस्तर संसदीय क्षेत्र के सांसद दीपक बैज की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय सतकर्ता व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। बैठक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में की गयी। बैठक में सांसद बैज ने कहा कि बस्तर अंचल के आदिवासियों को विकास की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए आवश्यक है कि उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी और हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए अधिकारीगण पूरी गंभीरता, प्रतिबद्धता और समन्वय के साथ काम करें।
बैठक में विधायक चंदन कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामबती नेताम, उपाध्यक्ष देवनाथ उसेण्डी, नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता मांझी, अबूझमाड़ विकास अभिकरण अध्यक्ष कमली लेकाम, सहित मुख्य कायर्पालन अधिकारी जिला पंचायत देवेश कुमार ध्रुव, वनमंडलाधिकारी थेजस शेखर, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर रामसिंग सोरी के अलावा अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान सांसद दीपक बैज ने शासन की महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी में चर्चा दीनदयाल अंत्योदय योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण/ शहरी), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, जल जीवन मिशन (जे.जे.एम.), डिजिटल भारत भू-अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम और डिजिटल इंडिया लेण्ड रिकार्ड, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना. आई.डब्ल्यू.एम.पी परियोजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सर्व शिक्षा अभियान, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग की मातृत्व वंदना, पोषण अभियान, मध्यान्ह भोजन, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, क्रेडा, लोक निर्माण विभाग, आदिवासी विकास, वनविभाग, सी.एस.आर. और खनिज न्यास निधि के संबंध में अब तक की गयी कायर्वाही की जानकारी विभागीय अधिकारियों से ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिये।
बैठक के दौरान सांसद दीपक बैज ने जिले में चल रहे विभिन्न अधोसंरचना एवं सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, स्कूल आदि निर्माण कार्यों की बारी-बारी से जानकारी लेते हुए समीक्षा की तथा कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि संबधित विभाग के अधिकारी निर्माण कार्यों का निरंतर मॉनिटरिंग करें। सांसद बैज ने जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत व पूर्ण आवास की जानकारी लेते हुए शेष आवासों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।
सांसद दीपक बैज ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक , यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के दिये निर्देश : बस्तर संसदीय क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने आज कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में सांसद बैज ने जिले में यातायात व्यवस्थाओं की बिन्दुवार जाानकारी ली। उन्होंने कहा कि आमजन को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने में यातायात विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यातायात विभाग नागरिकों, छात्र-छात्राओं व युवाओं यातायात नियमों की जानकारी दें। उन्होंने सड़कों में रेडियम साईन बोर्ड, सावधान बोर्ड, गतिअवरोधक व सफेद पट्टी, सड़कों पर जानवरों का जमाव, पार्किंग व्यवस्था, स्कूल व यात्री बसों की जांच, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, वाहनों का फिटनेश निरीक्षण, ओवर लोडिंग की जांच आदि की जानकारी ली।
बैठक में डीएसपी उन्नति ठाकुर ने जिले के चिन्हांकित दुघटर्नाजन्य क्षेत्रों के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने केलिए किए जा रहे उपायों के संबंध में जानकारी दी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए मुख्य मार्गों से जुड़ने वाली सड़कों में रबर स्ट्रिप लगाने, लायसेंस व इंश्योरेंश की जांच करने सुरक्षित वाहन चलाने के लिए लोगों को जागरुक करने, मदिरापान कर वाहन चलाने पर कायर्वाही करने की जानकारी दी।