रायपुर (वीएनएस)। अग्रसेन महाविद्यालय रायपुर में आज महिला सशक्तिकरण दिवस के अवसर पर जेसीआई रायपुर और महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा संयुक्त रूप से महिला सशक्तिकरण के विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।इस संगोष्ठी में मुख्य वक्त के रूप में महिला अपराध से बचाव के क्षेत्र में काउंसलर के रूप में स्थापित जूही सिंह राजपूत ने कहा कि आज के समय में महिलाएं घर और बाहर दोनों क्षेत्रों में अपनी विशेष भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि घर के बाद बाहर भी महिलाओं को अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे कठिन समय में महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। साथ ही कार्य के दौरान यदि उनके साथ कोई दुर्व्यवहार होता है या उनका शोषण होता है तो इसके खिलाफ उन्हें आवाज उठाने के लिए भी हर तरह से सशक्त होना पड़ेगा जूही सिंह राजपूत ने कहा कि इसीलिए महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अनेक प्रकार की योजनाएं तथा अभियान चलाए जा रहे हैं।
महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर खुद को मजबूत बनाने की दिशा में पहल करने की जरुरत है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों के जवाब भी दिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी.के अग्रवाल ने कहा कि जिस समाज में महिलाएं मजबूत होती हैं, वही समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। प्राचार्य डॉ वीरेंद्र कुमार राजपूत ने भी इस अवसर पर महिलाओं के मजबूत होने के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।
महाविद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. अमित अग्रवाल ने वक्ताओं को उनके सारगर्भित विचारों के लिए साधुवाद दिया। इस कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी विद्यालय और जी के दानी विद्यालय की छात्राओं के अलावा अग्रसेन महाविद्यालय के विद्यार्थी भी शामिल हुए। कार्यक्रम का संयोजन महाविद्यालय की एनएसएस प्रभारी प्रो. दीपिका अवधिया ने किया। वहीँ एनएसएस केडेटों ने कार्यक्रम के संयोजन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।