रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन विभाग मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने शनिवार को भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया। मंत्री शिव डहरिया ने कहा, झीरम जांच आयोग के खिलाफ भाजपा के कोर्ट का रास्ता अपनाया है। डहरिया ने आरोप लगाया, भाजपा हमेशा झीरम कांड की जांच रोकती आई है। अब प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष न्यायालय में जाकर जांच रोकना चाह रहे हैं।
मंत्री ने सवाल किया कि आखिर भाजपा जांच को रोकना क्यों चाहती है? क्या जीरम कांड भाजपा की मिलीभगत से हुई थी, जो ये जांच को रोकना चाहते हैं? मंत्री ने आरोप लगाया कि घटना से पहले कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा रातो रात हटा ली गई। मामले में साजिश तो दिखती है ,इसलिए पूरी जांच जरूरी है। क्योंकि जो जांच पेश की गई है, वो अधूरी है। उन्होंने कहा कि अधूरी जांच रिपोर्ट विधानसभा में नहीं रखी जा सकती।