जांजगीर (वीएनएस)। सूर्यांश शिक्षा उत्थान समिति 1 मई को ग्रामीण महाभ्रमण अभियान का आयोजन जांजगीर व सक्ती जिले के 120 से अधिक गांवों में एक साथ करने जा रही है। इस महा अभियान कार्यक्रम में शिक्षा से सामाजिक एकता एवं सामाजिक उन्नयन के संकल्प के साथ विविध क्षेत्र में बेहतर भविष्य के लिए ग्रामीण प्रतिभा एवं कौशल का खोज किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर चिंतनशील नागरिकों की सेवाओं की पहचान कर उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
ग्रामीण भ्रमण महाभियान की जानकारी देते हुए प्रो. गोवर्धन सूर्यवंशी ने बताया कि भ्रमण दल द्वारा विविध पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी की खोज कर उन्हें मार्गदर्शित एवं प्रशिक्षित करेंगे। ग्रामीण भ्रमण महा अभियान के लिए जांजगीर एवं सक्ती को 20 से अधिक सेक्टरों में विभाजित किया गया है जहां सूर्यांश दल के सदस्य शनिवार शाम को ही पहुँचकर विभिन्न मुद्दों पर चौपाल में चर्चा परिचर्चा कर रात्रि विश्राम करेंगे। 20 से अधिक सेक्टरों में दल प्रमुख रविवार 01 मई को 120 से अधिक गांवों में "विहंगम सूर्यांश महारैली" में अपने-अपने सेक्टरों का नेतृत्व करेंगे। इस ग्रामीण भ्रमण का उद्देश्य व्यापक स्तर पर योजना तैयार कर लोगों को जोड़ना और विभिन्न योजनाओं को सफल बनाने के लिए समन्वय स्थापित करना है।