3 मई को मनाया जाएगा जिले में माटी पूजन दिवस, मुख्यमंत्री के संदेश का होगा वाचन

Posted On:- 2022-04-30



जांजगीर चांपा (वीएनएस)। मिट्टी की उवर्रा शक्ति के पुनर्जीवन केलिए रासायनिक खादों व कीटनाशकों के स्थान पर वर्मी कम्पोस्ट खाद के उपयोग के साथ गौ-मुत्र और अन्य जैविक पदार्थों के उपयोग को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष अक्षय तृतीया 03 मई को जिले में "माटी पूजन दिवस मनाकर इस महा अभियान का आगाज किया जाएगा। कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला ने उपसंचालक कृषि और जिले की जनपद पंचायत सीईओ को पत्र लिखकर शासन के निर्देशानुसार माटी पूजन दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

इस महा अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों व जनमानस की भागीदारी को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों में रासायनिक खादों व किटनाशकों के स्थान पर वर्मी कम्पोस्ट, गौ-मूत्र व जैविक खादों के उपयोग को प्रोत्साहित करना, रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूकता फैलाना मानव व पशु आहार हो हानिकारक रसायनों से मुक्त करना, सम्मिलित है। 3 मई को सभी ग्राम पंचायत, जनपद व जिला पंचायत स्तर पर परम्परागत रूप से माटी पूजन का कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

माटी पूजन कार्यक्रम में स्थानीय विधायकगण, त्रिस्तरीय पंचायतों के सम्मानित जनप्रतिनिधिगण सहित कृषकों व नागरिकों को पृथक से सूचना आमंत्रण प्रेषित करते हुए धरती माता की रक्षा केलिए शपथ ली जाएगी और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन कराया जाएगा। माटी पूजन दिवस कार्यक्रम में जिले में वर्मी कम्पोस्ट के कार्य से जुड़े स्वसहायता समूह व गौठान समितियों के सदस्यगण, समान गतिविधियों को संचालित कर रहे गैर सरकारी संगठनों एवं समाजिक समूहों, प्रगतिशील जैविक खेती करने वाले कृषकों, विद्यालय व महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, स्थानीय जन प्रतिनिधियों व आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर की ओर से दिए गए हैं। कलेक्टर ने राज्य शासन की इस अभिनव पहल को सफल बनाने सभी सार्थक आवश्यक कायर्वाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।