धरमजयगढ़ वन क्षेत्र में हाथियों का दल, ग्रामीणों में दहशत

Posted On:- 2022-04-30



रायगढ़ (वीएनएस)। धरमजयगढ़ क्षेत्र में हाथियों की संख्या लगभग स्थिर बने रहने और उनसे होने वाले नुकसान के आंकड़ों में अप्रत्याशित कमी के बीच बीते रात हाथी के हमले से जनघायल की घटना सामने आई है। गनीमत रही कि घायल व्यक्ति को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं विभाग द्वारा घायल का उपचार कराकर उसे सुरक्षित घर पहुंचा दिया गया है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ रेंज के खलबोरा गांव में पोटिया निवासी ज्ञान प्रकाश वल्द दलबीर कुजूर बीते रात अपने खेत की रखवाली कर रहा था। तभी फसल की ओर आकर्षित होकर अचानक हाथी आ गये। धरमजयगढ़ रेंज के एक विभागीय अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए घायल युवक के हवाले से बताया कि घटना के दौरान कुत्तों के भौंकने के कारण हाथी युवक की ओर आये और उसे धक्का दे दिया। जिससे वह दूर जा गिरा। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में युवक के पैर में चोट आई है। जिसके बाद उसका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण कराकर घर भेज दिया गया है। अधिकारी ने कहा इस मामले में नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि वर्तमान में विभागीय रिपोर्ट में धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में 21 नर, 26 मादा व 12 शावकों सहित कुल 59 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। वहीं वन मंडल क्षेत्र में हाथियों से हुए फसल व अन्य नुकसान के 30 प्रकरण सामने आए हैं।