बीएसपी के तोड़ूदस्ता की ताबड़तोड कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में मचा हड़कम्प

Posted On:- 2022-05-01



भिलाई (वीएनएस)। टाउनशिप में बीएसपी के मकानों में अवैध कब्जा कर निवास करने वालों के खिलाफ बीएसपी के प्रवर्तन विभाग ने शनिवार को दूसरे दिन भी सुबह दस बजे से आपरेशन नसीब के तहत रिसाली सेक्टर में नेवई पुलिस की मौजूदगी में दूसरे दिन कब्जा धारकों से मकान खाली करवाया। बीएसपी के प्रवर्तन विभाग द्वारा शुक्रवार से चलाये जा रहे आपरेशन नसीब के तहत जहां शुक्रवार को 35 अवैध कब्जे को खाली करवाया वही आज दूसरे दिन शनिवार को 33 मकानों मे हुए अवैध कब्जा खाली करवाया। जैसे ही बीएसपी की टीम रिसाली सेक्टर में पहुंची कई कब्जा धारक अपना सामान लेकर मकान में ताला लगाकर चले गए। कई कब्जा करने वाले मकान में सामान रहते हुए उसे बंद कर इधर-उधर हो गए। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं रुकी। ऑपरेशन नसीब के हेड के के यादव ने हर एक मकान का ताला पुलिस के सामने तुड़वाया। के के यादव ने बताया कि तोडफ़ोड़ विभाग द्वारा खाली कराये गये मकानों में बाहरी लोग या अवैध तरीके से लोग रह रहे थे। यहां रहने वालों ने उन्हें कब्जा दिलाने और किराया लेने वालों के नाम इन्फोर्समेंट की टीम को बताए हैं। अब इनके खिलाफ एफआईआर की जाएगी। कब्जा खाली कराने के दौरान जो लोग ताला बंदकर इधर उधर हो गये थे या किसी अन्य कारण ताला बंद था उनके सामानों को जब्त कर उनका पूरा सामान निकालकर गाड़ी में लोड कर नगर सेवाएं कार्यालय भेजा गया। बीएसपी अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों का सामान जब्त किया गया है वह कार्यालय में आवेदन देकर उसे ले जा सकते हैं।

अवैध कब्जाधारियों मे ताबडतोड़ कार्यवाही देखकर मचा हड़कंप बीएसपी के इन्फोर्समेंट डिपार्टमेंट द्वारा कराये जा रहे अवैध कब्जा खाली के कारण यहां अवैध कब्जाधारियों और बीएसपी के मकानों को अवैध कब्जा कर किराये पर देकर किराया स्वयं रखने वालों में भारी हड़कम्प मचा हुआ है। कई कब्जेधारी खुद से मकान का सामान हटाने लगे है। निगम अधिकारियों का कहना है कि उनकी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। रिसाली सेक्टर के बाद सेक्टर 6 में कार्रवाई की जाएगी। यदि ऐसे ही यह कार्रवाई चलती रही तो टाउनशिप में नॉन एलॉटेड लोग पूरी तरह से बाहर हो जाएंगे।

कब्जा कराने में नेता से लेकर गुंडे बदमाशों के नाम आ रहे सामने टाउनशिप के मकानों में कब्जा कर उन्हें बाहरी लोगों को किराए से देने का खेल कई सालों से चला आ रहा है। इस खेल में टाउनशिप के पार्षद, नेता से लेकर कई गुंडे बदमाशों के नाम सामने आ रहे हैं। बीएसपी इंफोर्समेंट विभाग के इंस्पेक्टर अंजनी कुमार राय ने बताया कि ऐसे कई लोगों के नाम सामने आए हैं। कब्जा धारकों ने भी उन्हें लिखित में दिया कि किसने उन्हें बीएसपी का आवास किराए से दिया है। बीएसपी जल्द ही ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएगी।