सेनाध्‍यक्ष मनोज पांडे ने सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए उच्‍च स्‍तरीय सैन्‍य तैयारी को प्राथमिकता बताया

Posted On:- 2022-05-01



नई दिल्ली (वीएनएस)। सेनाध्‍यक्ष मनोज पांडे ने कहा है कि उनकी प्राथमिकता संघर्ष के सभी मोर्चों पर मौजूदा और भविष्‍य की तमाम चुनौतियों का सामना करने के लिए उच्‍च स्‍तरीय सैन्‍य तैयारी सुनिश्चित करनी होगी। नई दिल्‍ली में आज सुबह साउथ ब्‍लॉक लॉन में सलामी गारद का निरीक्षण करने के बाद उन्‍होंने संवाददाताओं से कहा कि दुनिया की भू राजनैतिक स्थिति तेजी से बदल रही है। उन्‍होंने कहा कि ऐसे में भारतीय थल-सेना का कर्तव्‍य है कि वो सेना के सभी अंगों के साथ तालमेल रखते हुए किसी भी चुनौती का मुकाबला करने के लिए तैयार रहे। जनरल मनोज पांडे ने यह भी कहा कि वे सेना की कार्यकुशलता और क्षमता बढ़ाने के लिए जारी सुधारों और बदलावों पर भी ध्‍यान देंगे। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी. आर. चौधरी और नौसेना अध्‍यक्ष एडमिरल आर. हरि. कुमार भी सलामी गारद के दौरान उपस्थित थे।