उपराष्ट्रपति ने किया बच्चे को मातृभाषा में बुनियादी शिक्षा प्रदान करने का आह्वान

Posted On:- 2022-05-02



नई दिल्ली (वीएनएस)। उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडु ने उच्च शिक्षा को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा इसे और अधिक समावेशी व न्यायसंगत बनाने का आह्वान किया।उपराष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि ग्रामीण युवाओं की शिक्षा तक समावेशी और न्यायसंगत पहुंच महत्वपूर्ण है क्योंकि शिक्षा मानव विकास, राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और एक समृद्ध व टिकाऊ वैश्विक भविष्य बनाती है।

दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में श्री नायडु ने इस बात पर जोर दिया कि विश्वविद्यालयों को समाज की गंभीर समस्याओं का समाधान करने के लिए अभिनव और नए विचारों को सामने लाने का काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शोध का मुख्य उद्देश्य लोगों के जीवन को अधिक आरामदायक और खुशहाल बनाना होना चाहिए।

यह इंगित करते हुए कि भारत में दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है, उपराष्ट्रपति ने राष्ट्र निर्माण के लिए अपने मानव संसाधन की सामूहिक शक्ति का उपयोग करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) को एक दूरदर्शी दस्तावेज बताते हुए, जो देश में शिक्षा के परिदृश्‍य में क्रांति लाने के लिए तैयार है, उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में लागू होने पर मातृभाषा में शिक्षा प्रदान करने पर जोर एक बड़ा परिवर्तनकारी कदम साबित होगा। एक बच्चे को मातृभाषा में बुनियादी शिक्षा प्रदान करने का आह्वान करते हुए श्री नायडु ने कहा कि स्‍थानीय भाषा प्रशासन और अदालतों में सूचना का मुख्‍य जरिया होनी चाहिए। उन्‍होंने कहा, "हर राजपत्र अधिसूचना और सरकारी आदेश स्थानीय या मूल भाषा में होना चाहिए ताकि आम आदमी इसे समझ सके।"

श्री नायडु ने उपस्थित लोगों को याद दिलाया कि प्राचीन भारत ने एक विश्वगुरु होने की प्रतिष्ठा अर्जित की थी और यह संस्कृति का उद्गमस्थल था। उन्होंने कहा कि मानवता के लिए सबसे पहले मशहूर ज्ञान के प्रतिष्ठित केन्‍द्र जैसे नालंदा, तक्षशिला, विक्रमशिला, वल्लभी और ओदंतपुरी जैसे विश्वविद्यालय इस तथ्य की पर्याप्त गवाही देते हैं। भारतीय विश्वविद्यालयों को दुनिया के शीर्ष 10 विश्वविद्यालयों में शामिल होते देखने की अपनी हार्दिक इच्छा के बारे में बताते हुए, उपराष्ट्रपति ने सभी हितधारकों को इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए काम करने के लिए कहा।