नारायणपुर (वीएनएस)। राज्य शासन ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत प्रचलित राशनकार्डों में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा छत्तीसगढ़ खाद्य और पोषण सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत जारी अन्त्योदय, प्राथमिकता एकल निराश्रित और निःशक्तजन राशनकार्डों पर माह अप्रैल 2022 से सिंतबर 2022 तक नियमित और अतिरिक्त आवंटन के खाद्यान्न का वितरण निःशुल्क किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
खाद्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि माह अप्रैल से सितंबर तक राज्य में प्रचलित अन्तयोदय प्राथमिकता, एकल निराश्रित और निःशक्तजन राशनकार्डो (सामान्य एपीएल राशनकार्डों को छोड़कर) में नियमित मासिक आवंटन का चावल और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अतिरिक्त आबंटन का चावल वितरण निःशुल्क किया जायेगा, जिसके लिए माह अप्रैल और मई के लिए चावल का अतिरिक्त आबंटन जारी किया गया है। बताया गया कि माह मई के समान्य आबटन के साथ ही माह अप्रैल और मई का प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अतिरिक्त आबंटन तथा राज्य योजना के अतिरिक्त आवंटन का वितरण राशनकार्डधारियों को माह मई में किया जाये । इसके साथ ही राज्य शासन के निर्देशानुसार माह अप्रैल और मई तक प्रत्येक माह अन्त्योदय प्राथमिकता एकल निराश्रित और निःशक्तजन श्रेणी के राशनकार्डधारियों की चावल की पात्रता अनुसार होगी। राशनकार्डधारियों को उपरोक्त माहों का चावल की पात्रता से अवगत कराने के लिए सूची सभी उचित मूल्य दुकानों में अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाये ।