हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति को भाजपा का समर्थन

Posted On:- 2022-05-02



अंबिकापुर (वीएनएस)। उदयपुर विकासखंड अंतर्गत परसा केते कोयला खदान के विरोध में हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलनरत ग्रामीणों की समस्याओं पर बातचीत कर उनका पक्ष रखने के लिए भाजपा सरगुजा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम के नेतृत्व में सोमवार कलेक्टर सरगुजा से मिला।

विदित है कि 2 मार्च से लगातार धरने पर बैठे ग्रामवासियों ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि कोल उत्खनन के पक्ष में फर्जी तरीके से ग्राम सभा का प्रस्ताव बनवाकर कर पेड़ों की अंधाधुंध कटाई तथा कोल उत्खनन का कार्य शुरू किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार द्वारा कोल उत्खनन की अनुमति प्राप्त करने में नियमों का पालन नहीं किया गया है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर सरगुजा के समक्ष ग्रामीणों का पक्ष रखा तथा ग्रामीणों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समाधान करने की बात कही। बातचीत के दौरान कलेक्टर सरगुजा ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि प्रक्रिया में नियमों का पूर्णत: पालन किया जा रहा है। आगे भी इस प्रक्रिया में ग्रामीणों का कम से कम विस्थापन हो इसका ध्यान रखा जाऐगा। भाजपा प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर कलेक्टर सरगुजा ने सकारात्मक पहल करने का आश्वासन भी दिया है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, भाजपा सूरजपुर जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, राजकुमार बंसल, मनीष सिंह, सर्वेश तिवारी, अनिल जायसवाल, सुनील बघेल, अमोघ कश्यप तथा हैप्पी सिंह शामिल थे।