कोण्डागांव (वीएनएस)। आज जिला कार्यालय के मुख्य सभाकक्ष में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिले के पंचायतों के सरपंचों की मेगा बैठक हुई। बैठक में मुख्यत: पंचायतों में चल रहे शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की वास्तविकता और होने वाली दिक्कतों और उसके समाधान में पंचायतों की कारगर भूमिका के संबंध में कलेक्टर की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों से उनके सुझाव मांगे गये। इसके अलावा सरपंचों की ओर से भी खुलकर अपनी बातें रखी गई और अपने-अपने ग्रामों की मांग, समस्याओं व शिकायतों से बैठक को अवगत कराया गया।
इस क्रम में ग्राम ढोढरा, गट्टीपलना व सिदावंड में आंगनबाड़ी केन्द्र तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र की जर्जर स्थिति, ग्राम कोपरा में उप स्वास्थ्य केन्द्र एवं हाई स्कूल की मांग, सलना में पानी टंकी के ठीक से काम नहीं करने की शिकायत, ग्राम हात्मा में लो वोल्टेज समस्या, ग्राम धामनपुरी में जल जीवन मिशन के तहत् पानी की समस्या के समाधान, ग्राम चिचाड़ी में सड़क किनारे नाली निर्माण, ग्राम बैजनपुरी में सड़कों के डामरीकरण तथा हैण्डपम्प की आवश्यकता, ग्राम गट्टीपलना में पुलिया निर्माण, ग्राम मोहलई में हाईस्कूल की आवश्यकता, ग्राम करनपुर में प्राईमरी स्कूल से मुख्य सड़क तक मिट्टी के रोड़ की मांग, ग्राम गोलावण्ड एवं बनजुगानी में स्वास्थ्य केन्द्रों की बदहाल स्थिति, ग्राम नेलवाड़ में बोर खनन, ग्राम लभा में अपर्याप्त विद्युत व्यवस्था, ग्राम गारावण्डी एवं नयानार में सोलर पैनल के खराब होने, सम्बलपुर में शिव मंदिर के पास पुलिया निर्माण, ग्राम मस्सूकोकोड़ा, हथकली व गुडरीपारा में शाला भवन की खराब स्थिति, ग्राम चुरेगांव, तोरण्डी, कुरूषनार और टाटीरास में सड़क निर्माण व हैंडपम्प की मांग, ग्राम खेतरपाल में पंचायत भवन की मरम्मत, ग्राम भगदेवा, सलना व बेलगांव में रोड़ मुरमीकरण, ग्राम चिपावण्ड में अधूरे स्कूल भवन को पूर्ण करने जैसी मांगे संबंधित पंचायतों के सरपंचों की ओर से रखे गये।
बैठक में कलेक्टर ने जहां मिट्टी मुरम सड़क की मांग को तत्काल स्वीकृत करने के लिए पीएमजीएसवाय विभाग को निर्देशित किया। वहीं खराब सोलर पैनल के लिए क्रेडा को तथा ग्रामों में विद्युत समस्या के समाधान के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को तुरंत संबंधित ग्रामों का दौरा करने को कहा।
इसी प्रकार ग्राम घोड़ागांव में हैंडपम्पों से पानी का जल स्तर घटने से पेयजल समस्या के निदान के संबंध में उन्होंने बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समूह ग्राम योजना के तहत कुल 23 ग्रामों को लिया गया है। जहां कोसारटेडा डैम से जलापूर्ति की जावेगी। इसमें घोड़ागांव भी शामिल है और आने वाले समय में इन ग्रामों में पानी की समस्या काफी हद तक हल हो सकेगी। इसके साथ ही ग्राम कुएंमारी की सरपंच द्वारा शिक्षकों के देर से आने की शिकायत भी की गई। इस संबंध में कलेक्टर की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी को उक्त शिक्षकों के विरूद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये।
इस मौके पर पुलिस प्रशासन की ओर से भी सरपंचों से पुलिस और ग्रामीणों के मध्य सहयोग व समन्वय पर भी विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, सीईओ जिला पंचायत प्रेमप्रकाश शर्मा, उप संचालक पंचायत डीआर मोरे, मुख्य कायर्पालन अभियंता पीएमजीएसवाय अरूण शर्मा, जिला चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टीआर कुंवर सहित विभागीय प्रमुख उपस्थित थे।