जिले में 3 मई को मनाया जाऐगा, माटी पूजन दिवस

Posted On:- 2022-05-02



नारायणपुर (वीएनएस)। मिट्टी की उवर्रा शक्ति के पुनर्जीवन के लिए रासायनिक खादों व कीटनाशकों के स्थान पर वर्मी कम्पोस्ट खाद के उपयोग के साथ गौ-मूत्र और अन्य जैविक पदार्थों के उपयोग को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष अक्षय तृतीया 03 मई 2022 को राज्य में माटी पूजन दिवस मनाकर इस महा अभियान को प्रारंभ किया जाना है।

इस महा अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों व जनमानस की भागीदारी को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों में रासायनिक खादों व कीटनाशकों के स्थान पर वर्मी कम्पोस्ट, गौ-मूत्र व जैविक खादों के उपयोग को प्रोत्साहित करना. रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान के प्रति जागरुकता फैलाना, मानव व पशु आहार को हानिकारक रसायनों से मुक्त करना सम्मिलित हैं।

माटी पूजन दिवस के दिन सभी ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत व जिला पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजन कर परम्परागत रूप से माटी पूजन किया जाएगा। जिले के प्रभारी मंत्री, विधायकगण, त्रिस्तरीय पंचायतों के सम्मानित जनप्रतिनिधिगण सहित कृषकों व नागरिकों को आमंत्रित करते हुए धरती माता की रक्षा के लिए शपथ ली जाएगी व मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा। माटी पूजन दिवस कार्यक्रम में जिले में वर्मी कम्पोस्ट के कार्य से जुड़े स्वसहायता समूह व गौठान समितियों के सदस्यगण, समान गतिविधियों को संचालित कर रहे गैर सरकारी संगठनो व समाजिक समूहों, प्रगतिशील जैविक खेती करने वाले कृषको, विद्यालय वं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओ, स्थानीय जन प्रतिनिधियों व आमजन की सकिय भागीदारी सुनिश्चित करने कहा गया है।