गरियाबंद (वीएनएस)। जिला मुख्यालय गरियाबंद में प्रत्येक सप्ताह सोमवार को आयोजित जन चौपाल में कलेक्टर नम्रता गांधी के निर्देश पर अपर कलेक्टर जे.आर चौरसिया ने लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर आवेदकों को उनकी समस्या के निराकरण के संबंध में आवश्यक कायर्वाही करने के निर्देश दिये है।
जनचौपाल में 25 नागरिकों ने अपनी समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत किये। जनचौपाल में ग्राम फुलकर्रा के हेमनारायण देवदास ने अपने दिव्यांग पुत्र 15 वर्षीय मेनेश के लिए ट्रायसायकल और पेंशन की मांग लेकर आवेदन दिये। दोनों पैर से दिव्यांग और मुक बाधित मेनेश की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ट्रायसायकल प्रदान किया गया। साथ ही पेंशन प्रकरण बनाने के निर्देश दिये गये। इसी तरह ग्राम सिवनी निवासी महेश ओगरे और घनश्याम ओगरे ने निशक्तता पेंशन के लिए आवेदन दिये है।
बाढ़ आपदा से प्रभावित ग्राम रजनकट्टा के सोनकुवंर निषाद और जगदीश ने पिछले वर्ष सितम्बर माह में अतिवृष्टि से मकान क्षतिग्रस्त हो गया था जिसके मुआवजा के लिए आवेदन दिया गया। ग्राम कुण्डेल के आलता ढ़ीढ़ी ने पिछले 9 माह से विकलांग पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की है। ग्राम रजनकट्टा के खेमलाल यादव ने रिकार्ड अद्यतन करने तथा बंदोबस्त त्रुटि सुधार करने आवेदन दिया है। मैनपुर के ललिता बाई ने अपने भूमि का सीमांकन करने और ग्राम कोयबा के पुस्तम कपिल ने मछली पालन करने तालाब बनवाने आवेदन दिया। संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर निराकरण के लिए निर्देशित किया गया है। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर ऋषा ठाकुर व विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।