ग्रामीण व उपखंड सचिवालय को करें सक्रिय : चुरेन्द्र

Posted On:- 2022-05-02



अम्बिकापुर (वीएनएस)। कमिश्नर चुरेंद्र की अध्यक्षता में सोमवार को लखनपुर जनपद के ग्राम पंचायत लोसगी के अमराई में खंड स्तरीय समन्वय बैठक हुई। सर्वप्रथम महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कमिश्नर ने ग्रामसभा व ग्राम पंचायतों की मजबूती के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए ग्रामीण व उपखंड सचिवालय को सक्रिय करने कहा।

कमिश्नर ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे तो जनता को ज्यादा से ज्यादा लाभ होगा। सरकारी योजनाओं की पहुंच समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सचिवालय की जानकारी के लिए कोटवारों से मुनादी करायें। उपखंड स्तरीय सचिवालाय में प्राप्त शिकायतों व मांगो का रिकार्ड आॅनलाइन रखने के लिए सॉफ्टवेयर भी विकसित करें। कमिश्नर ने कहा कि अधिकारी अपने ज्ञान, प्रतिभा, क्षमता और कौशल का सदुपयोग कर सामाजिक सामंजस्य व विकास को गति दे सकते है। समन्यवय बनाकर काम करेंगे तो लोगों की समस्याओं का निराकरण आसानी से होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराइयां को दूर करना व युवाओं को दुर्व्यसनों से दूर रखना बड़ी चुनौती है। लेकिन स्वास्थ्य व विकसित समाज के लिए इस चुनौती से सामना करना भी जरूरी है। इन बुराइयों के चलते समाज व परिवार आर्थिक रूप से मजबूत नहीं हो पा रहा है। हमें मिलकर बुराइयों को दूर करना है।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष मोनिका सिंह, उपाध्यक्ष अमित सिंहदेव, विधायक प्रतिनिधि विक्रमादित्य सिंहदेव, उपायुक्त विकास महावीर राम सहित अन्य अधिकारी, सचिव, कोटवार, पटेल व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।