खौफ की आहट! देश में मिला ओमिक्रोन के XE वेरिएंट का पहला कन्फर्म केस

Posted On:- 2022-05-03



नई दिल्ली : एक तरफ जहाँ भारत में कोरोना (Corona) फिर से अपना पैर पसार रहा है। वहीं भारत में कोरोना के ओमिक्रोन सब-वेरिएंट XE के अब पहले केस की पुष्टि हो गई गई है। दरअसल इससे पहले भी महाराष्ट्र और गुजरात से XE वेरिएंट के दो अस्पष्ट मामले सामने आए थे। हालांकि अब ये पहली बार है कि जब भारतीय SARS-CoV2 जीनोमिक्स सीक्वेंसिंग कंसोर्टियम (INSACOG) द्वारा XE वेरिएंट की भी पुष्टि हो गई है। बता दें कि, INSACOG भारत सरकार द्वारा स्थापित राष्ट्रीय परीक्षण प्रयोगशालाओं का एक वृहद नेटवर्क है। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी तक इस बात का कोई सबूत नहीं है कि एक्सई सब-वेरिएंट से होने वाला कोविड संक्रमण अन्य वेरिएंट की तुलना में अलग है। नया सब-वेरिएंट ओमिक्रॉन के वर्तमान में प्रमुख BA.2 वेरिएंट की तुलना में केवल 10 प्रतिशत अधिक ट्रांसमिसिबल पाया गया है। बता दें कि भारत में जनवरी में तीसरी कोविड लहर को ट्रिगर करने के लिए ओमिक्रॉन का BA.2 वेरिएंट जिम्मेदार था। INSACOG के साप्ताहिक बुलेटिन में XE की पुष्टि ऐसे समय में हुई है जब 12 राज्यों में कोविड के मामलों में वृद्धि देखने को मिली है, जिससे मास्क फिर से अनिवार्य हो गया है। इस बीच, 25 अप्रैल तक के सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 19 अन्य राज्यों में मामलों में गिरावट भी आई है। भारत में अगर कोरोना स्थिति की बात करें तो, देशभर में बीते 24 घंटों में कोरोनावायरस (Coronavirus) के कुल 2568 नए मामले सामने आए हैं।  यह कल के मुकाबले 18.6% कम नए मामले हैं। वहीं अब देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़, 30 लाख, 84 हजार 913 हो गई है। साथ ही बीते 24 घंटों में देशभर में कुल 20 लोगों की इस संक्रमण से मौत हुई है। इस तरह देखा जाए तो देश में अब तक कोरोना से कुल 5 लाख 23 हजार 889 लोगों की मौत हुई है। साथ ही अब तक देशभर में कुल 189.41 करोड़ वैक्सीन की खुराक लोगों को दी जा चुकी है। वहीं बीते 24 घंटों में देशभर में वैक्सीन की कुल 16,23,795 खुराख लोगों को दी जा चुकी है।