
बालोद (वीएनएस)। प्रदेश की महिला व बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेडिया बालोद विकासखंड के ग्राम चरोटा के आदर्श गौठान में आयोजित अक्ती तिहार व माटी पूजन दिवस कार्यक्रम में शामिल हूई। उन्होंने भुईयां माता की पूजा कर अक्ती तिहार और माटी पूजन दिवस की बधाई व शुभकामना दी। संजारी -बालोद विधायक संगीता सिन्हा इस अवसर पर मौजूद थी।
मंत्री अनिला भेंडिया ने अक्ती तिहार के संबंध में मुख्यमंत्री भूपेश बधेल के संदेश का वाचन किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को भुईयां माता की रक्षा की शपथ दिलाई। लोगों ने शपथ लिया कि हम हमारी मिट्टी जिसे हम माता, भुईयां कहते है उसकी रक्षा करेंगे। हम अपने खेत, बगीचों और घरो में जैविक खाद का उपयोग करेंगे। हम ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे हमारी मिट्टी, पानी की सेहत खराब हो। हम हानिकारक रसायनो के कारण भूमि, जल को होने वाले नुकसान के प्रति सबको सचेत कर पर्यावरण की रक्षा करेंगे। हम आने वाली पीढ़ियों के लिए साफ पानी, शुद्ध हवा और उपजाऊ मिट्टी बचाएंगे।
मंत्री भेंडिया ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत वैवाहिक बंधन में बंधे 19 वर वधुओं को सुखद वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने उद्यान विभाग की हितग्राही मूलक योजना के अंतर्गत पांच हितग्राहियो को सब्जी मिनीकिट कृषि विभाग की योजना के अंतर्गत दो हितग्राहियो को सुगंधित धान का बीज वितरण कर लाभान्वित किया। संजारी- बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने भी कार्यक्रम को संबोधित कर अक्ती तिहार और माटी पूजन दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ललिता पीमन साहू, जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष प्रेमलता साहू, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष संजय चन्द्राकर, क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकगण सहित कलेक्टर जनमेजय महोबे, जिला पंचायत की मुख्यकायर्पालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, एस.डी.एम. गंगाधर वाहिले, विभिन्न विभागों के अधिकारी कमर्चारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।