मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए मृतक के परिजन होते रहे परेशान...

Posted On:- 2022-05-03



अंबिकापुर (वीएनएस)। बीते दिनों गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज कोअंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी हालत बिगड़ती देख मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने मरीज को रायपुर रेफर कर दिया था। परिजनों द्वारा मरीज को अंबिकापुर से रायपुर ले जाया जा रहा था कि रास्ते में कटघोरा के पास ज्यादा स्थिति खराब होने पर संजीवनी 108 का चालक उसे स्थानीय शासकीय अस्पताल ले गया। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत घोषित करने के बाद वहां पीएम करने की बजाय लापरवाही पूर्वक चिकित्सक ने वहां से शव को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए भेज दिया। मजबूरन परिजन ने शव वाहन से शव लेकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। शव का पीएम कराने में परिजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रायकेला निवासी 26 वर्षीय जुगेश्वर यादव पिता सहनू यादव की बहन की शादी 11 मई को है। जुगेश्वर शनिवार को अपनी बहन की शादी का कार्ड वितरण करने बाइक से लमगांव की ओर गया था। वापस आने के दौरान भीमसेन चौक के पास अज्ञात बस ने उसे टक्कर मार दी। उसे गंभीर स्थिति में डायल 112 द्वारा इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया और डायल 112 के कर्मचारियों ने घटना की जानकारी परिजन को मोबाइल से दी। सूचना पर परिजन मेडिकल कॉलज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।

रविवार की रात को संजीवनी 108 से परिजन उसे रायपुर ले जा रहे थे। एंबुलेंस में एक और मरीज था। रास्ते में कटघोरा के पास जुगेश्वर की स्थिति खराब हो गई। संजीवनी 108 के कर्मचारी उसे स्थानीय शासकीय अस्पताल ले गए। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।