आरबीआई ने दिया रेपो रेट पर 0.4 फीसदी का बड़ा झटका, बढ़ जाएगी आपके लोन की ईएमआई

Posted On:- 2022-05-04



नई दिल्ली (वीएनएस)। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार को रेपो दर में 40 बेसिस प्‍वाइंट की बढ़ोतरी की घोषणा की है। आरबीआई गवर्नर ने बताया कि केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने सर्वसम्मति से रेपो दर में 40 बीपीएस बढ़ाने के लिए मतदान किया है। अब यह दर 4.4 फीसद हो गई है। रेपो दर में इस बढ़ोतरी से Home Loan, Car Loan और Personal Loan की EMI बढ़ने का अंदेशा है।

आरबीआई गवर्नर ने महंगाई को काबू करने पर फोकस की बात कही है। उनका बयान ऐसे समय आया है जब वैश्विक मुद्रास्फीति भारत की रिकवरी के लिए एक चुनौती पेश कर रही है। बता दें कि यूएस फेडरल रिजर्व रिकॉर्ड मुद्रास्फीति को काबू करने के लिए प्रमुख ब्‍याज दर में 50 आधार अंक की बढ़ोतरी कर सकता है। आरबीआई गवर्नर के अचानक संबोधन की खबर से शेयर बाजारों में गिरावट का रुख रहा। सेंसेक्‍स 800 अंक गिर गया।