गर्मी को मद्देनजर कलेक्टर ने गांवों के हैंडपंपों के संधारण के निर्देश दिए

Posted On:- 2022-05-04



नारायणपुर (वीएनएस) । कलेक्टर की अध्यक्षता में बुधवार को समय सीमा की बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर  रघुवंशी ने कहा कि जिले में पड़ रही गर्मी को मद्देनजर रखते हुए अंदरूनी गांवों में पेयजल की समस्या न हो। इसके लिए गांवों के हैंडपंपों का संधारण किया जाये। इसके साथ ही किसी भी स्थिति में हैंडपंप बंद न हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, पंचायत और ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के समय सीमा के आवेदनों की समीक्षा की और उस पर त्वारित कार्यवाही के निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  देवेश कुमार ध्रुव, डिप्टी कलेक्टर  वैभव क्षेत्रज्ञ,  रामसिंग सोरी, उपसंचालक कृषि  बीएस बघेल, मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बीआर पुजारी, उपसंचालक पशुचिकित्सा  आरके पड़ौती, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास  संजय चंदेल, जिला के अलावा अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर रघुवंशी ने कहा कि जिले में 5 मई से जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी है, वे वहां समय पर उपस्थित होकर आवेदनों को प्राप्त करें और निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारी को भी अपने मैदानी अमले को शिविर में तैनात करने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर स्वास्थ्य परीक्षण करायें। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिले के विद्यालयों में शौचालय और स्वच्छ पेयजल सहित निरंतर विद्युत व्यवस्था भी बनाये रखें। समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में जल परीक्षण किया जाये। इसके साथ ही उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिले के पात्र हितग्राहियों का राशनकार्ड अनिवार्य रूप से बनाया जाये। इसके साथ ही गांवों में जलजनित बीमारी न हो इसके लिए जल परीक्षण और समय-समय पर पेयजल स्त्रोतों पर दवाईयां डाली जाये। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना के अंतर्गत जिले के अधिकतम हाट-बाजारों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जाये। बैठक मे राजस्व, क्रेडा, आदिवासी विकास, महिला और बाल विकास विभाग सहित सभी विभागों की गतिविधियों  की  बारी-बारी से समीक्षा की।