हेलीकॉप्टर राइड से अन्य छात्र-छात्राओं को मिलेगा प्रोत्साहन : भूपेश बघेल

Posted On:- 2022-05-05



रायपुर/बलरामपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल इन दिनों राज्य के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर निकले हैं। सीएम इस दौरान सरकार की योजनाओं के क्रिन्यवन और प्रशासनिक ढांचे की कार्यप्रणाली सीधे जनता से जान रहे हैं। आज दूसरे दिन सीम ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का दौरा किया। इस दौरान भूपेश बघेल ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा में जिले में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को हेलीकॉप्टर राइड कराने की घोषणा की।

इस दौरान भूपेश बघेल ने गोबर खरीदी के बाद अब गौ मूत्र की खरीदी प्रारंभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ मूत्र से दवाईयां बनाई जाएगी, इससे महिलाओं और ग्रामीणों को आय का एक और जरिया मिलेगा। जिले के टॉपर प्रदेश के टॉप टेन विद्यार्थियों के साथ हेलीकॉप्टर में घूमेंगे। इससे अन्य छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन मिलेगा और उनके सपनों को उड़ान मिलेगी। दसवी-बारहवी के प्रदेश व जिला टॉपर्स को मुख्यमंत्री टॉपर्स चॉपर राइड से अनूठी अभिप्रेरणा मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने जब हेलीकॉप्टर से लैंड किया तो देखा, बहुत से बच्चे और परिपक्व उम्र के लोग भी हेलीकॉप्टर को देखकर बहुत उत्साहित और कौतुहल में थे। उनकी आंखों की चमक बता रही थी कि उनमें हेलीकॉप्टर के प्रति कितना आकर्षण है। इसलिये मैने यह निर्णय लिया है कि कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में प्रदेश के टॉप टेन विद्यार्थियों के साथ साथ जिले के दसवी एवं बारहवी के टॉपर विद्यार्थियों को रायपुर आमंत्रित करके उनका सम्मान किया जाये तथा उन्हें हेलीकॉप्टर की राइड कराई जाये।

हवाई यात्रा करना एक ऐसी इच्छा है जो छोटे बच्चे से लेकर बड़े बूढों तक में विद्यमान रहती है। मुझे विश्वास है कि हेलीकॉप्टर राइड करने से बच्चों के मन में जीवन के आसमान में भी ऊंची उड़ान भरने की आकांक्षा जागेगी और वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये अपनी प्रतिमा को और भी प्रखर बनायेंगे।

https://youtu.be/L9J0xUTXM68