मुंबई (वीएनएस)। आईपीएल 2022 दिग्गज टीमों के लिए सबसे कठिन साबित हुआ है। टी20 लीग में इस बार जब 2 नई टीमों को मौका दिया गया था, तब कहा जा रहा था कि इस बार और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। लेकिन टी 20 लीग के इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस 50 मैच खत्म होने के बाद भी लय नहीं हासिल कर सकी और प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बनी। टीम ने सबसे अधिक 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है। डिफेंडिंग चैंपियन और 4 बार की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) भी लगभग बाहर हो चुकी है। वहीं केकेआर (KKR) भी खराब स्थिति में है। टीम ने 2 बार आईपीएल के खिताब पर कब्जा किया है। यानी इन 3 टीम के पास 11 टाइटल हैं।
बात करें मुंबई इंडियंस की तो टीम ने ऑक्शन में ही बड़ी गलती कर दी थी। हार्दिक पंड्या, क्विंटन डिकॉक, राहुल चाहर और ट्रेंट बोल्ट का विकल्प नहीं खोजा। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ईशान किशन अपना पुराना प्रदर्शन दोहरा नहीं सके। ऐसे में जब टीम के दिग्गज खिलाड़ी ही फॉर्म में ना हों, तब टीम के लिए जीत मुश्किल हो जाती है। टीम ने एक बड़ी गलती करते हुए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को चोटिल होने के बाद भी शामिल किया। वे अगले सीजन से ही खेल सकेंगे। इस तरह IPL 2022 में मुंबई इंडियंस का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना सिर्फ सपना ही रह गया।
CSK की टीम का भी बुरा हाल..... संभल नहीं पाई चेन्नई सीजन शुरू होने से पहले एमएस धोनी ने कप्तानी छोड़ दी थी। पहले 8 मैच में बतौर कप्तान रवींद्र जडेजा कोई कमाल नहीं कर सके। टीम की बल्लेबाजी के अलावा गेंदबाजी भी बेहद खराब रही। टीम के सबसे बड़े प्लेयर जडेजा गेंद और बल्ले दोनों से इस बार फेल रहे। टीम 10 में से सिर्फ 3 ही मैच जीत सकी है। अभी उसके 4 मुकाबले बाकी हैं। टीम यदि सभी मैच जीत लेती है तो भी 16 अंक तक नहीं पहुंच पाएगी। ऐसे में उसे दूसरी टीमों पर निर्भर रहना होगा। टीम अभी 9वें नंबर पर है।
KKR नहीं हुई तैयार ,बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर नहीं छोड़ सके छाप आईपीएल के 15वें सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने जब ऋषभ पंत को बतौर कप्तान बरकरार रखा, तो श्रेयस अय्यर ने टीम से अलग होने का फैसला किया। ऑक्शन में केकेआर ने उन पर बड़ा दांव लगाते हुए अपना कप्तान बनाया, लेकिन वे बतौर कप्तान अब तक छाप नहीं छोड़ सके हैं। टीम 10 में से सिर्फ 4 ही मैच जीत सकी है। वह 8वें नंबर पर है। ऑफ स्पिनर सुनील नरेन ने कसी हुई गेंदबाजी की है, लेकिन वे विकेट नहीं ले सके हैं। रीटेन किए गए वेंकटेश अय्यर और वरुण चक्रवर्ती आउट ऑफ फॉर्म हैं। टीम ने अब तक सबसे अधिक 20 खिलाड़ियों को उतारा है। यानी अब तक वे खिलाड़ियों पर भरोसा नहीं जता सके हैं।
वहीं बात करें तो दूसरी ओर नई टीमों ने अब तक कमाल का प्रदर्शन किया है। गुजरात टाइटंस ने अब तक खेले 10 में से 8 मुकाबले जीते हैं। हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली टीम 16 अंक के साथ टॉप पर है। वहीं केएल राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स दूसरे नंबर पर काबिज है। उसने 10 में से 7 मुकाबले जीते हैं। ऐसे में ये दोनों ही टीमें प्लेऑफ में पहुंचने की प्रबल दावेदार है।