आंगनबाड़ी केन्द्र पुटका के सभी बच्चे स्वास्थ्य परीक्षण में स्वस्थ

Posted On:- 2022-05-05



आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को लापरवाही बरतने पर कारण बताओं नोटिस जारी

महासमुंद (वीएनएस)। सोशल मीडिया में चल रही खबरों के बारे में वस्तुस्थिति बताते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास समीर पांडे ने बताया कि सरायपाली विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र पुटका ब में 5 मई को 16 बच्चे उपस्थित थे। जिन्हें शाला पूर्व प्रारम्भिक शिक्षा की गतिविधियां कराने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की ओर से 9:48 बजे आंगनबाड़ी केन्द्र में तैयार गर्म भोजन बच्चों को परोसा गया था। आंगनबाड़ी केन्द्र में गर्म भोजन में चावल दाल व आलू-भटा की रसेदार सब्जी बनाई गई थी। जिन्हें बच्चों को परोसा जा रहा था। परोसे गए भोजन को कुछ बच्चों ने खाना प्रारम्भ किया था तथा कुछ को भोजन परोसा जा रहा था। तभी आंगनबाड़ी की सहायिका को बच्चों को सब्जी परोसने के दौरान सब्जी में छिपकली पड़ा दिखाई दी।

इसके बाद आंगनाबड़ी कार्यकर्ता की ओर से पालकों से सम्पर्क और उनकी मदद से सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरायपाली में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भर्ती कराया गया। विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू व उनके टीम की ओर से सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य जांच में सभी बच्चे स्वस्थ पाए गए। किसी भी बच्चों को किसी भी प्रकार की समस्या व परेशानी नहीं है। सभी स्वस्थ है, जिन्हें एहतियात के तौर पर चिकित्सकों की ओर से अपनी निगरानी में रखा गया है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की ओर से बताया गया कि सब्जी तैयार करने के पश्चात् उसे ठण्डा करने के लिए कुछ समय के लिए ढक्कन खुुला रख दिया गया था। संभवत: तभी छिपकली उसमें गिर गया होगा। इस पर सरायपाली के सीडीपीओ जी.एल. नारंग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को लापरवाही बरतने पर कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है।