जांजगीर (वीएनएस)। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर में अध्ययनरत जांजगीर जिले के तीन छात्र छात्राओं ने वन उत्पादकता संस्थान रांची से दस दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया है। एम. एस.सी. वानिकी के अंतिम वर्ष के चतुर्थ सेमेस्टर में अध्ययनरत हिमानी सूर्यवंशी, नवीन वैभव और हिमानी साहू ने यह प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इस प्रशिक्षण में वन उत्पादकता संस्थान रांची के द्वारा कृषि और वानिकी के अनेक शीर्षकों पर सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यवहारिक ज्ञान उपलब्ध कराया गया। प्रशिक्षण में रिमोट सेंसिंग के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान किया गया जिसके अंतर्गत सेटेलाइट ने वन और पर्यावरण की जानकारी प्राप्त करने की क्रिया विधि और सिद्धांतों के बारे में विस्तृत व्याख्यान हुआ। इसी प्रकार के "टिश्यू कल्चर" ने विभिन्न प्रकार के वन उत्पादों, खाद्य सामग्रियों और अन्य उत्पादों के कृत्रिम रूप से पौधा तैयार करने की विधि की जानकारी प्रदान किया गया। इस प्रक्रिया में बीज की आवश्यकता नहीं पड़ती। इसी प्रकार बांस के विभिन्न प्रकार, उपयोगिता, अनुकूल वातावरण, संरक्षण आदि पर भी विशेष व्याख्यान हुआ।
प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हिमानी सूर्यवंशी ने बताया कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर के एम.एससी. वानिकी विभाग के 33 छात्र छात्राओं ने इस प्रशिक्षण में सहभागिता किया था जिसमें जांजगीर-चांपा जिले के 3 विद्यार्थी सम्मिलित थे।