
जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर ने आज गम्हरिया, दुलदुला, कुनकुरी सहकारी समिति केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर खाद के भंडारण-उठाव व किसानों की ओर से धान के एवज में अन्य फसल लेने के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर संबंधित विकासखंड एसडीएम, तहसीलदार, समिति प्रबंधक व किसान उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान समिति में भंडारित खाद का अवलोकन करते हुए समिति में पंजीकृत किसानों व आवश्यक खाद की मात्रा की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्र में खाद की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में रहे इस बात का विशेष ध्यान दें। उन्होंने प्रबंधकों को निर्देशित किया कि बरसात के पूर्व किसानों को खाद बीज का प्राथमिकता से वितरण करना सुनिश्चित करें, जिससे किसानों को खेती किसानी के कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही समिति प्रबंधक को निर्देशित किया कि केंद्र में आने वाले समस्त किसानों को जैविक खाद के उपयोग केलिए जागरूक करें। समिति के माध्यम से किसानों को मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना व धान के एवज में अन्य फसल लेने के लिए भी प्रेरित करें।
कलेक्टर ने केन्द्र में उपस्थित किसानों को जैविक खाद से होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी देते हुए उन्हें उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही किसानों को खेतों में अन्य फसल उत्पादित करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने किसानों से उनकी समस्याओं को भी सुना तथा अधिकारियों को प्राथमिकता से इसका निराकरण करने के निर्देश दिए। समिति प्रबंधकों ने बताया कि केंद्र में पर्याप्त मात्रा में जैविक खाद उपलब्ध है। किसानों को प्राथमिकता के साथ जैविक खाद का वितरण किया जा रहा है।