आईजी ने दिखाये सख्त तेवर, थाने में चाय-पानी के लिए पैसे मांगने पर होगी कार्रवाई

Posted On:- 2022-05-05



धमतरी (वीएनएस)। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओपी पाल ने गुरूवार को धमतरी पहुंचकर पुलिस विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में कानून, व्यवस्था, लंबित प्रकरणों आदि की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। आईजी ओपी पाल गुरूवार को दोपहर 1 बजे रायपुर से धमतरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। जहां उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया गया। इसके बाद सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने जिले में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान  और  अपराधों को रोकने के कार्यों की जानकारी दी। आईजी पाल ने मौजूद सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपराधों पर नकेल कसने में कोताही न बरतें। आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करें। उन्होंने विभागीय जानकारी के अलावा अपराधों समेत नक्सल मामलों पर चर्चा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, उपपुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के अलावा सभी डीएसपी, सभी थाना प्रभारी, सभी शाखाओं के प्रमुख मौजूद थे।

बैठक बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए आईजी पाल ने कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग, सट्टा जुआ रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। एसपी की तरफ से आवेदन मिलने पर यातायात और महिला थाना भी खोला जा सकेगा। उन्होंने कहा कि थानों में किसी भी फरियादी से फोटो कापी या चाय पानी के लिए पैसा मांगा जाता है तो ऐसे पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई भी की जायेगी। उन्होंने एक पुलिस अधिकारी द्वारा आईपीएल सट्टा के नाम पर पैसा लिये जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इस मामले की विभागीय जांच के बाद आगे कार्रवाई  की जायेगी।