मरीजों को मिलने वाली सभी सुविधाओं का रखें विशेष ध्यान : कलेक्टर

Posted On:- 2022-05-05



जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर ने आज दुलदुला के तहसील, जनपद कार्यालय व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान एसडीएम रवि राही, तहसीलदार लक्ष्मण राठिया, जनपद सीईओ संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी कमर्चारी उपस्थित थे।

कलेक्टर अग्रवाल ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण करते हुए के तहसील कोर्ट में बटांकन, सीमांकन, नामांतरण के लंबित प्रकरणों के साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत आय-जाति, निवास प्रमाण-पत्र, भू-अर्जन के प्रकरणों की जानकारी लेते हुए तहसीलदार को आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशान न हो इस बात का विशेष ध्यान देने के लिए कहा। साथ ही कार्यालय की नियमित साफ-सफाई, दस्तावेजों का उचित संधारण करने के निर्देशित किया। उन्होंने जनपद कार्यालय में भी ग्रामीणों के समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के लिए कहा।

इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलदुला का अवलोकन करते हुए कमर्चारियों की नियमित उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता सहित अन्य सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने ओपीडी, एक्स रे कक्ष सभी वार्ड सहित पूरे परिसर का निरीक्षण करते हुए केंद्र में स्वच्छता का विशेष ख्याल रखने के लिए कहा। अग्रवाल ने केंद्र के डॉक्टर्स को मरीजों को पर्ची में जेनेरिक दवाईया ही लिखने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में भर्ती मरीजों से भेंट कर स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कमर्चारियों को मरीजों का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।