ब्लैक फ्राइडे : शुरुआती कारोबार में बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 980 अंक से अधिक टूटा

Posted On:- 2022-05-06



मुंबई (वीएनएस)। ग्लोबल मार्केट में गिरावट का असर भारतीय बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है। सेंसेक्स और निफ्टी में हफ्ते के पांचवें कारोबारी दिन शुक्रवार को भारी गिरावट हैं। शुक्रवार को सेंसेक्स 980 अंक से अधिक टूटकर 55,000 के स्तर से भी नीचे चला गया। इस दौरान 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 980.45 अंक की गिरावट के साथ 54,721.78 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 300.15 अंक गिरकर 16,382.50 पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल सभी कंपनियां लाल निशान में कारोबार कर रही थीं। बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी इंडिया, विप्रो, ऐक्सिस बैंक, टाटा स्टील और इंफोसिस शुरुआती कारोबार में गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग, शंघाई और कोरिया में गिरावट आई हालांकि टोकियो मामूली लाभ में रहा। अमेरिका में शेयर बाजार में गुरुवार को बड़ी गिरावट आई।

मिडकैप और स्मॉल कैप में भी गिरावट BSE के मिड कैप और स्मॉल कैप में 500 पाइंट से ज्यादा की गिरावट है। मिड कैप में अडाणी पावर, इमामा लिमिटेड, टाटा कम्यूनिकेशन और इंडियन होटल में बढ़त है। ABB, रुचि सोया, , इंडुरेंस, गुजरात गैस, अशोक लेलैंड, BHEL और ऑयल,अपोलो हॉस्पिटल, बॉयोकॉन, बैंक इंडिया, यूनियन बैंक, एक्साइड इंडिया, नौकरी, इंडिया होटल और टाटा कंज्यूमर में गिरावट है। स्मॉल कैप में हिंदुस्तान फूड, आंध्र पेपर, प्रोजोन इन टु प्रॉपर्टी, वेस्ट कोट पेपर मील, ब्लू डार्ट, होंडा पावर और PNB गिल्ट में बढ़त है।

निफ्टी के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट निफ्टी के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स में आज गिरावट है। इसमें सबसे ज्यादा 3% की गिरावट IT इंडेक्स में है। वहीं 2% से ज्यादा गिरावट वाले सेक्टर में बैंक, फाइनेंशियल सर्विस, प्राइवेट बैंक, रियल्टी और मेटल हैं। ऑटो, मीडिया, फार्मा और PSU बैंक में 1% से ज्यादा की गिरावट है। FMCG में भी मामूली गिरावट है।