नाबालिग से दुराचार के आरोपी पुलिसकर्मी पर फूटा एक्टर रितेश देशमुख का गुस्सा... 

Posted On:- 2022-05-06



मुंबई (वीएनएस)। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में 13 साल की नाबालिग के साथ बलात्कार के संगीन मामले ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जहां, इसपर आमलोग अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। तो वहीं, अब बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख का भी गुस्सा फूट पड़ा है। अभिनेता ने बकायदा ट्वीट कर पीड़िता के लिए न्याय की मांग की है, साथ ही आरोपी को चौराहे पर मारने की बात भी कही है।

रितेश के ट्वीट से साफ होता है कि वो बच्ची के साथ हुई इस वारदात को जान काफी गुस्से में हैं। एक्टर ने अपने ट्वीट में लिखा है,'अगर यह सच है तो इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता। अगर रक्षक ही भक्षक बन गया तो लोग न्याय मांगने कहां जाएंगे? ऐसे लोगों को सरेआम, चौराहे पर मारना चाहिए। सरकार को जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।’

दरअसल उत्तर प्रदेश के ललितपुर में नाबालिग से चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया जिसके बाद वह थाने रिपोर्ट लिखवाने पहुंची तो पुलिस स्टेशन के SHO ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। बता दें कि पाली थाने में गैंगरेप की शिकायत करने पहुंची 13 साल की किशोरी से SHO पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद SHO बहाने से थाने के कमरे में ले गया था। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बात का खुलासा चाइल्ड लाइन NGO की काउंसलिंग में पीड़िता ने किया था।

SHO तिलकधारी सिंह सरोज को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में एडीजे पॉस्को एक्ट की कोर्ट में केस की सुनवाई शुरू हुई। कोर्ट ने आरोपी SHO को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दो अन्य आरोपियों को भी जेल भेजा गया है। वहीं थाने में रेप की खबर से ललितपुर से लखनऊ तक हड़कंप मच गया। ADG जोन भानु भास्कर ने पूरे पाली थाने के 29 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।