कमिश्नर ने सुकमा के विकास कार्यों का लिया जायजा

Posted On:- 2022-05-06



जगदलपुर (वीएनएस)। संभागायुक्त धावड़े ने गुरूवार को सुकमा के विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सुकमा जिला अस्पताल में 114 प्रकार की स्वास्थ जांच के लिए तैयार हमर लैब का अवलोकन कर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिला अस्पताल के आस-पास चिकित्सकों और 24 घंटे सेवाएं देने वाले नर्सिंग स्टॉफ के लिए आवश्यक आवास की सुविधा विस्तार के लिए कार्ययोजना बनाकर कलेक्टर को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

आगामी मुख्यमंत्री प्रवास को देखते हुए संभागायुक्त धावड़े ने सुकमा जिले में चल रहे विकास कार्यो का अवलोकन कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दंतेवाड़ा मार्ग में लगभग 50 एकड़ में निर्माणाधिन कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण कर केन्द्र में संचालित की जाने वाली गतिविधियों से अवगत हुए। इसके अलावा बस स्टैंड के सामने बन रहे सी-मार्ट का भी अवलोकन किया। कलेक्टर विनीत नंदनवार ने सी-मार्ट के समीप अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के संबंध में भी जानकारी दी।

कमिश्नर धावड़े ने मुख्यालय तहसील कार्यालय का भी औचक निरीक्षण कर रिकॉर्ड संधारण कार्य को सुनियोजित तरीके से रखने के निर्देश तहसीलदार को दिए। सभी प्रकार के राजस्व रिकॉर्ड, राजस्व प्रकरणों तथा आरबीसी 6-4 के प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में आस-पास साफ-सफाई रखने और खाली जमीन का उपयोग गार्डन के रूप में करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने सुकमा के शहीद पार्क और मुक्ति धाम में किए गए विकास कार्य का भी जायजा लिया। इस अवसर पर सुकमा सीईओ जिपं देवनारायण कश्यप, डिप्टी कमिश्नर माधुरी सोम, एसडीएम सुकमा प्रीति दुर्गम, तहसीलदार प्रेमनाग सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।