जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर अग्रवाल ने आज पत्थलगांव विकासखंड के बहनाटांगर गौठान का निरीक्षण करके गौठान में संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीएम श्री आर एस लाल सहित अन्य अधिकारी कमर्चारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने गौठान की स्व-सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में अब तक हुए गोबर खरीदी व निर्मित खाद की जानकारी लेते हुए गौठान में नियमित रूप से गोबर खरीदी व खाद निर्मित करने के लिए कहा। चारागाह विकास के संबंध में निर्देशित करते हुए उन्होंने गौठान में नेपियर घास, मक्का व अन्य चारे लगाने की बात कही। इसी प्रकार कलेक्टर ने पर्यटन स्थल किलकिला धाम का अवलोकन कर सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने दशर्नीय स्थल का निरीक्षण करते हुए परिसर की साफ-सफाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत मदनपुर में ग्रामीणों से भेंट कर उनके समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।